भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने बुधवार को राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, असम के मंत्री अशोक सिंघल और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के राजनीतिक सचिव जयंत मल्लबरुआ को त्रिपुरा में आगामी उपचुनावों के चुनाव प्रभारी के रूप में नियुक्त किया। इस बीच संवाददाताओं के बातचीत के दौरान उन्होंने सोनिया-राहुल गांधी को ईडी के नोटिस पर भी बात की। उन्होंने कहा कि क्या आपने कभी किसी अपराधी को यह कहते हुए देखा है कि मैं अपराधी हूं? सोनिया-राहुल गांधी निश्चित रूप से इससे इनकार करेंगे। दस्तावेज सबूत हैं। यदि चार्जशीट दायर की जाती है, तो आप इसे रद्द करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे, लेकिन उन्होंने जमानत मांगी। इसका मतलब है कि वे दोषी हैं।
स्मृति ईरानी ने साधा केजरीवाल पर निशाना
इस बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन को क्लीन चिट देने के लिए फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी सुप्रीमो से कई सवाल भी किए। दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जैन को कथित धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने जैन को नौ जून तक हिरासत में भेज दिया था। हालांकि, केजरीवाल ने मंगलवार को जैन को सच्चा देशभक्त बताते हुए उनके खिलाफ लगे आरोपों को झूठा बताया था। इस पर स्मृति ईरानी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने एक न्यायाधीश की भूमिका निभाई और उन्हें क्लीन चिट दे दी। मैं अरविंद केजरीवाल से कुछ सवाल पूछना चाहता हूं। मेरा पहला सवाल यह है कि क्या केजरीवाल इस बात से इनकार कर सकते हैं कि सत्येंद्र जैन ने 16.39 रुपये का घोटाला किया है। ऐसा उन्होंने 2010-11 से 2015-16 तक कोलकाता में हवाला ऑपरेटरों के सहयोग से 56 मुखौटा कंपनियों का उपयोग कर किया?
भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दो जुलाई से
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आगामी दो जुलाई से तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में होगी। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी निर्णय लेने वाला पार्टी का एक प्रमुख निकाय है, जिसमें देश भर के प्रमुख नेता शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित सभी वरिष्ठ नेता और मंत्री इस बैठक में शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए हैदाराबाद का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि भाजपा वहां की सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के मुख्य प्रतिद्वंद्वी की रूप में उभरी है।
भाजपा ने केंद्रीय मंत्रियों को राज्यसभा चुनावों के लिए प्रभारी नियुक्त किया
भाजपा ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए केंद्रीय मंत्रियों नरेंद्र सिंह तोमर को राजस्थान और गजेंद्र सिंह शेखावत को हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया। दोनों ही राज्यों में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला नजदीकी और रोचक हो गया है। पार्टी की आर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के लिए प्रभारी बनाया गया है। इस राज्य में भी राज्यसभा चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है। देश के 15 राज्यों से राज्यसभा की 57 सीटों को भरने के लिए 10 जून को चुनाव होने हैं।
भाजपा प्रवक्ता पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला दर्ज
इस बीच भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के खिलाफ एक टेलीविजन समाचार बहस के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम पुलिस ने एक सब-इंस्पेक्टर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने शर्मा पर बहस के दौरान अपमानजनक टिप्पणी करके और दुर्भावनापूर्ण रूप से इस्लाम का अपमान करने के लिए जानबूझकर पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने कहा कि इससे एक समुदाय के रूप में सभी मुसलमानों को नाराज किया है।
तमिलनाडु: भाजपा प्रमुख सहित 5 हजार लोगों पर केस दर्ज
- तमिलनाडु में बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई सहित पांच हजार से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम करने की मांग करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारी सरकार से बिना अनुमति लिए चेन्नई में राज्य सचिवालय की ओर मार्च कर रहे थे। अन्नामलाई ने मंगलवार को कहा था कि राज्य सरकार ने अपने घोषणा पत्र में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को कम करने का वादा किया था। केंद्र पहले ही ईंधन की कीमतों में कमी कर चुका है और अब राज्य सरकार को अपना वादा पूरा करना चाहिए।
- उन्होंने कहा कि डीएमके ने अपने घोषणापत्र में वादा किया था कि वे पेट्रोल और डीजल की कीमत में क्रमश: 5 रुपये और 4 रुपये की कमी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बार ईंधन की कीमतें घटाई हैं। हम राज्य सरकार से अपने घोषणापत्र में किए गए वादे को पूरा करने की मांग करते हैं। गौरतलब है कि केंद्र द्वारा पिछले महीने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कमी किए जाने के बाद से भाजपा विपक्ष शासित राज्यों से महंगाई के बीच लोगों को राहत देने के लिए ईंधन पर टैक्स कम करने की मांग कर रही है।