महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में कुछ ऐसे परिवारों के बारे में खबर लिखने पर जिन्हें क्वारंटीन किया गया है, एक पत्रकार के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि बुधवार को पत्रकार बालासाहेब नवगिरे (35) के साथ जिले के नेवासे के पास पानेगांव में करीब 12 लोगों ने मारपीट की। इनमें से अधिकतर महिलाएं थीं।
पुलिस ने बताया कि नवगिरे ने एक स्थानीय समाचार पत्र में 17 परिवारों के बारे में लिखा था जिन्हें कोरोना वायरस संक्रमण के चलते क्वारंटीन किया गया था। इन लोगों ने नवगिरे के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस संबंध में मारपीट, दंगा करने और क्वारंटीन तोड़ने का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
बता दें कि महाराष्ट्र कोरोना वायरस से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां अभी तक कुल 2919 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, कोरोना वायरस की वजह से यहां कुल 187 लोगों की मौत हो चुकी है।