कार्यसमिति की बैठक में डा. जोशी को नहीं बिठाया गया मंच पर
- फोटो : PTI
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में एक बार फिर से डा. मुरली मनोहर जोशी की उपेक्षा हुई। कार्यसमिति की बैठक स्थल पर लगे होर्डिंग में जहां उनकी फोटो नहीं थी तो दूसरी ओर मंच पर भी उनके लिए कुर्सी नहीं लगी। इतना ही नहीं बैठक में शामिल कार्यसमिति के सदस्यों में भी उन्हें आगे की कतार में बैठने की जगह नहीं मिली। उन्हें आगे से तीसरी कतार पर पार्टी प्रवक्ता शहनवाज हुसैन के साथ बैठना पड़ा।
भाजपा में अटल बिहारी बाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और डा. मुरली मनोहर जोशी को त्रिमूर्ति भी कहते हैं। इन तीन नेताओं में अटल बिहारी और आडवाणी की तस्वीरें कार्यसमिति स्थल पर पीएम मोदी और अमित शाह के साथ लगी हुई हैं। जबकि डा. जोशी जो स्थानीय होने के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं उन्हें कार्यसमिति स्थल और मीडिया सेंटर में लगी तस्वीर में जगह नहीं दी गई। उम्मीद थी कि आज कार्यसमिति की बैठक में उन्हें मोदी, शाह, आडवाणी के साथ मंच पर स्थान मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मंच पर मोदी, आडवाणी और शाह के साथ वित्त मंत्री अरुण जेटली को स्थान मिला। जबकि अरुण जेटली के मुकाबले डा. जोशी कहीं ज्यादा वरिष्ठ है। मंच पर डा. जोशी को स्थान न मिलना आज कार्यसमिति बैठक स्थल पर चर्चा का विषय रहा। इस बारे में भाजपा के केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद से पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि डा. जोशी का पार्टी में काफी सम्मान है।