मिजोरम विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीत के बाद मिजो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष जोरमथांगा ने शनिवार को मिजोरम के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मिजो नेशनल फ्रंट को 40 सदस्यीय विधानसभा में से 26 सीटें मिली हैं। मिजोरम के राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने आइजोल में एक समारोह में जोरामथांगा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। एमएनएफ अध्यक्ष जोरमथांगा ने शपथ मिजो भाषा ली।
मिजो नेशनल फ्रंट पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने जोरमथांगा को विधायक दल का नेता चुना था। विधानसभा चुनाव में शानदार जीत मिलने के कुछ समय के बाद जोरमथांगा के नेतृत्व में एमएनएफ के तीन नेताओं के एक शिष्टमंडल ने राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन से राजभवन में मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
जोरमथांगा ने अपनी सरकार बनाने से पूर्व ही साफ कर दिया था वह भाजपा के एकमात्र विधायक बुद्धधन चकमा को अपने मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करेंगे। एमएनएफ 10 साल बाद सत्ता की में वापसी कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला ने करारी हार के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया था। बता दें कि साल 1986 के बाद से ही मिजोरम में सत्ता कभी कांग्रेस तो कभी एमएनएफ के हाथों में रही है।