20 साल पुराने काला हिरण शिकार मामले में फिल्म अभिनेता सलमान खान को 5 साल कैद की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही उन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जोधपुर पुलिस ने सलमान को हिरासत में लेकर भारी सुरक्षाबलों के बीच जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचा दिया है। वहीं कोर्ट ने बाकी सभी आरोपी सितारों अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है।
पढ़ें: सलमान को सजा मिलते ही जया बच्चन बोलीं- अच्छे काम भी किए हैं, मिलनी चाहिए राहत
कोर्टरूम में बहस के दौरान सरकारी वकील ने सलमान के लिए अधिकतम सजा की मांग की थी। वहीं सलमान के वकील की अपील थी कि सलमान को कम से कम सजा दी जाए। जोधपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देव कुमार खत्री ने वर्ष 1998 में हुई इस घटना के संबंध में 28 मार्च को मामले की सुनवाई पूरी हो जाने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
बता दें कि 01 और 02 अक्तूबर 1998 को फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान पर जोधपुर के नजदीक कांकाणी गांव सहित तीन अलग-अलग स्थानों पर हिरणों का शिकार करने का आरोप लगा था।
पढ़ें: सिर्फ जानवर नहीं है काला हिरण, मामूली नहीं है इसकी फैन फॉलोइंग
जमानत के लिए सेशन कोर्ट पहुंचे वकील
सलमान के वकील जमानत के लिए सेशन कोर्ट पहुंचे हैं और लेकिन जमानत पर सुनवाई शुक्रवार को होगी। सलमान खान जोधपुर सेंट्रल जेल में आसाराम के बगल वाले बैरक में रखा गया है। सलमान जमीन पर सोएंगे और राजस्थान की गर्मी को बर्दाश्त करने के लिए उन्हें सीलिंग पंखे का ही सहारा है।