जानेमाने वकील राम जेठमलानी ने अपने पूर्व क्लाइंट और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ फिर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए केजरीवाल ने कहा था। आपको बता दें कि 20 जुलाई को जेठमलानी ने केजरीवाल को पत्र लिखकर जेटली द्वारा दायर मानहानि के केस को लड़ने से खुद को अलग कर लिया था। उन्होंने केजरीवाल को खत लिखकर अपनी फीस की मांग की है, हालांकि इससे पहले उन्होंने खुद ही ऐलान किया था कि वह केजरीवाल का केस मुफ्त में लड़ेंगे।
अरविंद केररीवाल ने कोर्ट में कहा कि उनके वकील ने अपनी तरफ से जेटली के खिलाफ अपमानसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है। इस बात से जेठमलानी, केजरीवाल से नाराज हैं। उन्होंने 20 जुलाई को न सिर्फ अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखा बल्कि उसकी एक कॉपी वित्त मंत्री अरुण जेटली को भी भेज दी। उन्होनें अपने पत्र में केजरीवाल से कहा है, ''जब अरुण जेटली ने आपराधिक मानहानि का पहला केस दर्ज किया था तो आपने मेरी सेवा ली। अपनी अंतरात्मा से पूछिए कि कितनी बार आपने '#$%#*&' से भी ज्यादा खराब गाली दी थी।'' ('#$%#*&' अपमानसूचक शब्द जिसे जेठमलानी ने कोर्ट में जेटली के लिए इस्तेमाल किया था जो केजरीवाल के खिलाफ 10 करोड़ रुपये के दूसरे मानहानि केस का कारण बना)
केजरीवाल ने जेटली पर डीडीसीए घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया था जिसके बाद जेटली ने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कर 10 करोड़ रुपये की मांग की थी। केजरीवाल को लिखे पत्र में जेठमलानी ने कहा, 'आपने मुझसे सैकड़ों बार कहा कि इस '#*^$#$' को सबक सिखाइए। संयोगवश आप पिछले कुछ हफ्तों में मुझसे बहुत कम समय तक मिले। हालांकि आपके सहयोगी राघव चड्ढा और ऐडवोकेट अनुपम श्रीवास्तव मामले को लेकर मुझे ब्रीफ करते रहे।'