इंजीनियरिंग के लिए दाखिला परीक्षा जेईई मेन मंगलवार से शुरू हो रही है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने देशभर में 660 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को मॉकड्रिल से तैयारियों का जायजा लिया। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मुख्यमंत्रियों को फोन कर परीक्षा के सफल आयोजन की अपील की है।
निशंक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, यूपी, हरियाणा, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने परीक्षा के सफल आयोजन और छात्रों को परिवहन सुविधा मुहैया करवाने का आश्वासन दिया है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सोमवार को सभी परीक्षा केंद्रों को अपने कब्जे में ले लिया। परीक्षा के लिए कंप्यूटर, कमरे, पंखे, एसी, कुर्सी, टेबल आदि को सैनेटाइज किया गया। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट से लेकर कॉरिडोर व क्लासरूम में छह-छह फीट की दूरी पर गोल घेरे बनाए गए हैं।
बारिश को देखते हुए कुछ केंद्रों पर गोल घेरे के स्थान पर स्टिकर लगाए गए हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एनटीए ने साफ तौर पर कहा है कि जो छात्र प्रोटोकॉल का पालन नहीं करेंगे उन्हें परीक्षा से डीबार कर दिया जाएगा।
नकल पर नकेल के लिए 30 छात्रों पर एक जैमर
चालाक ‘मुन्नाभाई’ से परीक्षा को फुलप्रूफ बनाने के लिए एनटीए 40 हजार जैमर व आठ हजार से अधिक सीसीटीवी का इस्तेमाल कर रही है। परीक्षा में 30 छात्रों पर एक जैमर होगा। इसके अलावा परीक्षा शुरू करने से पहले सिक्योरिटी और इंटरनेट थ्रेट भी जांचा जाएगा। उधर, एनटीए मुख्यालय से पर्यवेक्षक क्लासरूम आदि का निरीक्षण करेंगे। एनटीए 150 पैरामीटर पर आधारित परीक्षा में विभिन्न केंद्रों पर प्रश्न पत्र भेजने में इंटरनेट का प्रयोग नहीं करेगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित तो है पर ऑनलाइन नहीं। प्रश्न पत्र सेंटर में पहुंचने के बाद किस परीक्षार्थी के लॉगइन से प्रश्न कितनी बार खोला गया सबकी जानकारी होगी।
ये राज्य परिवहन की सुविधा देंगे
ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल समेत कई राज्य छात्रों को परिवहन सुविधा मुहैया करवाने जा रहे हैं। छात्र राज्य हेल्पलाइन पर जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा आईआईटी, एबीवीपी और आरएसएस के कार्यकर्ता भी जरूरतमंद छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचाने, खाने-पीने, परिजनों के रुकने की व्यवस्था कर रहे हैं।
मैं सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से इन अभूतपूर्व परिस्थितियों में छात्रों को सहयोग देने और पर्याप्त इंतजाम करने की अपील करता हूं, ताकि आवेदकों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। मैं छात्रों से भी एनटीए पर विश्वास करने की अपील करता हूं।
- रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री
जेईई मेन
| राज्य |
छात्रों की संख्या |
केंद्र |
| महाराष्ट्र |
1,10,313 |
74 |
| उत्तरप्रदेश |
1,00,706 |
66 |
| चंडीगढ़ |
7,263 |
05 |
| दिल्ली |
37,790 |
18 |
| उत्तराखंड |
13,260 |
13 |
| जम्मू-कश्मीर |
9,868 |
16 |
| हिमाचल प्रदेश |
8,397 |
11 |
| हरियाणा |
24,763 |
16 |
| पंजाब |
13,995 |
09 |
| लेह-लद्दाख |
199 |
01 |