ज्वॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) का परीक्षा परिणाम घोषित हो गया है। देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान आईआईटी में दाखिला दिलाने वाली प्रवेश परीक्षा मे जयपुर के अमन बंसल ने टॉप किया है। जेईई एडवांस्ड 2016 के नतीजे सुबह 10 बजे घोषित किए गए। परीक्षा में यमुना नगर के भावेश ढिंगरा, और जयपुर के ही कुनाल गोयल ने क्रमशः दूसरा, तीसरा स्थान हासिल किया है। आल इंडिया रैंकिंग 133 के साथ लड़कियों में रिया सिंह ने टॅाप किया है।
22 मई को आयोजित हुई इस परीक्षी में 1.47 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी जिनमें से 36,566 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इन छात्रों में 4,570 लड़कियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक अमन बंसल के हैं उन्होंने 372 अंक हासिल किए हैं। अमन ने फिजिक्स, कैमिस्ट्री, मैथमैटिक्स में 124 अंक हासिल किेए हैं। जबकि उत्तीर्ण होने के लिए कम से कम 75 अंक लाना जरूरी था।
ओबीसी कैटेगरी में विजयवाड़ा के दुग्गानी जीविथेश ने टॉप किया है। एससी कैटेगरी में नवी मुम्बई के चिन्मय आवले ने टॉप किया है। चैतन्य नायक ने एसटी कैटेगरी में और गुन्तूर के हरि प्रसाद के. ने विकलांग कोटे से टॉप किया है। आईआईटी बॉम्बे जोन से 8810 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है जो कि सभी सातों जोनों में सबसे अधिक है। आईआईटी मद्रास जोन से 6702, 5941 आईआईटी दिल्ली जोन से छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस साल 4 नए आईआईटी जुड़े हैं। इस साल कुल सीट 10,575 हैं जोकि पिछले साल 10,006 थीं।