मोदी मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार झारखंड चुनाव के बाद और बजट सत्र के पहले संभव है। जदयू ने सरकार में शामिल होने पर हामी भर दी है तो वाईएसआरसीपी से इस संबंध में विमर्श का सिलसिला शुरू किया गया है। इस बीच टीडीपी ने नागरिकता संशोधन बिल के समर्थन में वोट देकर भाजपा से संबंध सुधारने की पहल की है। हालांकि भाजपा फिलहाल टीडीपी को भाव देने के मूड में नहीं है।
पीएम मोदी पहले विस्तार के जरिये राजग में संतुलन बना सकते हैं। इस कड़ी में अपना दल को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिल सकता है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जगह उनके पुत्र चिराग को टीम मोदी में शामिल किया जा सकता है।
अगर चिराग को राज्य मंत्री का दर्जा मिला तो राजग के संयोजक पद की कमान रामविलास को दी जा सकती है। इसके अलावा पीएम इसके जरिए राज्यों के बीच संतुलन कायम कर सकते हैं।