बिहार और केंद्र में भाजपा की सहयोगी जनता दल यूनाइटेड में नंबर दो की हैसियत रखने वाले और चुनावों के रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मंगलवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। दोनों नेताओं की यह मुलाकात उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री में हुई। इस दौरान उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे भी मौजूद रहे। शिवसेना के नेता संजय राउत ने इस मुलाकात पर कहा, 'वह भाजपा के एक घटक दल के नेता हैं। उन्होनें उद्धवजी से मुलाकात की है। यह एक शिष्टाचार भेंट है न कि राजनीतिक भेंट।'
इससे पहले जब प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस ने महासचिव और पूर्वांचल का प्रभारी बनाया था तब भाजपा की ओर से जारी हमलों के बीच प्रशांत ने उनकी तारीफ की थी। उन्होनें इस फैसले को दूरगामी परिणाम वाला निर्णय बताया था।