जनता दल (यूनाइटेड) ने शनिवार को मणिपुर विधानसभा में अपने छह विधायकों का समर्थन भाजपा को दिया। भाजपा राज्य में बहुमत हासिल करने के बाद अब सरकार बनाने के लिए तैयार है। पार्टी ने एक बयान में कहा कि मणिपुर के लोगों के हित में जद (यू) ने सरकार के गठन में भाजपा को समर्थन देने का फैसला किया है। जद (यू) ने भाजपा से पार्टी को मिले जनादेश का सम्मान करने की अपील की है। साथ ही उम्मीद जताई है कि भाजपा लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करेगी।
विज्ञापन
पार्टी ने कहा कि छह नवनिर्वाचित विधायकों ने खुमुक्चम जोयकिसन सिंह को अपना नेता चुना है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी।
चुनाव में कांग्रेस को पांच सीटें, एनपीपी को सात, एनपीएफ को पांच, केपीए को दो, और निर्दलीय ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। मणिपुर में पिछली बार एन बीरेन सिंह ने सरकार बनाई थी जो साल 2016 में कांग्रेस का दामन छोड़कर पार्टी में शामिल हुए थे।