जयललिता की करीबी शशिकला तमिलनाडु की मुख्यमंत्री बन सकती हैं। इसके लिए रविवार को पार्टी की एक बड़ी बैठक बुलाई गई है।
जयललिता के निधन के बाद शशिकला के पास सत्ता की चाबी आते ही तमिलनाडु सरकार में बदलाव साफ-साफ महसूस किया जा सकता है। इन बदलावों की कीमत कभी जयललिता के करीबी रहे लोगों को चुकानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री पनीरसेल्लवम की सलाहकार और चीफ सेक्रेटरी बालाकृष्णन को निकाले जाने के बाद इस बात की पुष्टि भी हो रही है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक बीते शुक्रवार तमिलनाडु सरकार ने मुख्य सचिव बालाकृष्णन को अपने पद से हटा दिया। बालाकृष्णन को जयललिता ने 2014 में रिटायरमेंट के बाद इस पद पर तैनात किया था। बालाकृष्णन की गिनती जयललिता के पसंदीदा अधिकारियों में की जाती थी।
एआईडीएमके पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि जयललिता के विश्वसत रहे अधिकारियों को हटाने का निर्णय पार्टी महासचिव शशिकला और उनके पति एम नजटाजन ने लिया है। मुख्यमंत्री पनीरसेल्लवम के करीबी लोगों ने बताया कि वो पार्टी की एकता को बनाए रखने तथा सत्ता के एक से ज्यादा केंद्र बनने से बचाने के लिए शशिकला से मिले आदेशों का चुपचाप पालन कर रहें है।