कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को गुलाम नबी आजाद की पार्टी पर तीखा तंज कसा। दरअसल हाल के समय में आजाद की पार्टी से कई नेता कांग्रेस में वापस आ गए हैं। जिसके बाद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए आजाद की डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (DAP) को 'डिसएपियरिंग आजाद पार्टी' बता दिया। बता दें कि इंडियन यूथ कांग्रेस के मीडिया समन्वयक जहानजेब सरवाल ने एक ट्वीट किया था। जिसमें सरवाल ने बताया कि डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी के दो पदाधिकारियों चौधरी निजामुद्दीन खटाना और चौधरी गुलजार अहमद ने इस्तीफा दे दिया है।
इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए जयराम रमेश ने लिखा 'डिसएपियरिंग आजाद पार्टी'। गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस छोड़ने के बाद अपनी पार्टी का गठन किया था, जिसमें जम्मू कश्मीर कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए थे। हालांकि बीते हफ्ते गुलाम नबी आजाद की पार्टी के 17 नेता वापस कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इनमें पूर्व उप-मुख्यमंत्री तारा चंद और पीरजादा मोहम्मद सईद जैसे बड़े नेता भी शामिल हैं।
कांग्रेस में वापसी करने वाले नेताओं का कहना है कि गुलाम नबी आजाद की पार्टी राज्य में सेक्युलर वोटों का बंटवारा करके बीजेपी को फायदा पहुंचाएगी। जम्मू कश्मीर में जल्द विधानसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में जहां राज्य की अन्य राजनीतिक पार्टियों में गठबंधन की संभावना बन रही है, वहीं गुलाम नबी आजाद की पार्टी की स्थिति अभी तक साफ नहीं है। आजाद इस कोशिश में हैं कि उनकी भाजपा से नजदीकी ना लगे। ऐसे में माना जा रहा है कि आजाद के इस रुख से पार्टी कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति है। ऐसे में ये भी एक कारण हो सकता है कि डीएपी से लगातार इस्तीफे हो रहे हैं।
बता दें कि कांग्रेस छोड़ने के बाद बीते साल सितंबर में गुलाम नबी आजाद ने अपनी नई पार्टी के नाम का ऐलान किया था। कांग्रेस छोड़ने के बाद गुलाम नबी आजाद ने जम्मू कश्मीर का दौरा किया था और अपने समर्थकों से चर्चा के बाद नई पार्टी के गठन का फैसला किया।