BJP: भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने न्यूंबियो सेफ्टी इंडेक्स 2025 का हवाला देते हुए कहा कि जयपुर को देश का दूसरा सबसे सुरक्षित शहर घोषित किया गया है, जो भजनलाल सरकार में किए कामों का नतीजा है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे और थानों में महिला डेस्क जैसे कदमों से सुरक्षा में वास्तव में सुधार हुआ है, जिससे अपराध दर 14 फीसदी घटी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जयपुर ने हाल ही में अपनी पुरानी पहचान को पीछे छोड़कर एक नई पहचान बनाई है। अब यह शहर सिर्फ अपनी गुलाबी दीवारों और ऐतिहासिक हवेलियों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए भी जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूंबियो सेफ्टी इंडेक्स 2025 में जयपुर को देश का दूसरा सबसे सुरक्षित शहर घोषित किया गया है। यह केवल एक रैंक नहीं है, बल्कि उस बड़े बदलाव की यह एक कहानी है, जो पिछले एक साल में शहर में देखने को मिली है।
विज्ञापन
पूनावाला ने हाल ही में अपने एक ब्लॉग में दावा किया कि एक समय था जब जयपुर में शाम होते ही लोगों के मन में एक डर बैठ जाता था, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों में। कानून-व्यवस्था एक चुनावी मुद्दा बन कर रह गया था, जिसका हल कभी नहीं निकलता था। लेकिन अब यह तस्वीर बदल चुकी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल में सुरक्षा को सिर्फ कानून का मसला नहीं, बल्कि लोगों के विश्वास का मसला माना गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, जयपुर में 3,000 से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, रैपिड रेस्पॉन्स टीमें हर वक्त तैयार रहती हैं और थानों में महिलाओं के लिए स्पेशल डेस्क बनाए गए हैं। इन सभी कदमों से शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा होता है और काम में भी पारदर्शिता आई है। यह सब अब सिर्फ बातें नहीं, बल्कि हकीकत में दिखाई दे रहा है। राजस्थान पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जयपुर में अपराध की दर में 14 फीसदी की कमी आई है। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि यह बदलाव केवल कागजों पर नहीं, बल्कि लोगों के मन में भी महसूस हो रहा है।