भारत-चीन सीमा पर निगरानी का जिम्मा संभाल रहे सुरक्षा बल आईटीबीपी में रसोइया, नाई, सफाईकर्मी और धोबी आदि को भी अब पदोन्नति मिलेगी। सरकार की तरफ से बहुप्रतीक्षित कैडर समीक्षा के बाद इस सुरक्षा बल में सबसे निचले क्रम के कर्मचारियों को पहली बार प्रोन्नति मिल पाएगी।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने पिछले हफ्ते 984 नए हेड कांस्टेबल पदों के सृजन के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के ग्रुप 'सी' ट्रेड्समैन कैडर के लिए कैडर समीक्षा प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।
आईटीबीपी में आठ ट्रेडमैन कैडर श्रेणियां हैं जिसमें दर्जी, मोची, माली, रसोइया, मश्की, नाई, धोबी और सफाईकर्मी शामिल हैं। लगभग 90,000 कर्मियों वाले इस बल में ऐसे ट्रेडमैन की कुल संख्या 7,097 है और कैडर पुनर्गठन के बाद संख्या वही रहेगी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, सरकार ने जिस अंतिम प्रस्ताव को मंजूरी दी है, उसमें कुछ मौजूदा पदों को समाप्त कर दिया गया है। इसकी जगह पांच कैडर के लिए हेड कांस्टेबल के पद पर प्रोन्नत पद बनाए जाने को कहा गया है।