इसरो 12 जनवरी को श्रीहरिकोटा से पीएसएलवी-सी62 मिशन लॉन्च करेगा।
- फोटो : Amar Ujala
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो नए साल के अपने पहले मिशन की तैयारी में जुट गया है। इस कड़ी में पीएसएलवी-सी62 मिशन का प्रक्षेपण 12 जनवरी को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया जाएगा।
निगरानी और सुरक्षा से जुड़ी क्षमताओं को मिलेगी मजबूती
इसरो के एक अधिकारी के अनुसार, मिशन का मुख्य पेलोड EOS-N1 है, जो एक उन्नत इमेजिंग सैटेलाइट है। इस उपग्रह को अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा रणनीतिक जरूरतों के लिए विकसित किया गया है। इससे निगरानी और सुरक्षा से जुड़ी क्षमताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस मिशन में रॉकेट के साथ एक छोटा प्रोब डिवाइस केस्ट्रेल इनिशियल डेमोंस्ट्रेटर भी भेजा जाएगा, जिसे स्पेन स्थित एक स्टार्टअप ने विकसित किया है। यह डिवाइस PS-4 स्टेज से जुड़ा रहेगा। इसके अलावा, भारत, मॉरीशस, लक्जमबर्ग, यूएई, सिंगापुर, यूरोप और अमेरिका के स्टार्टअप्स व शोध संस्थानों के कुल 17 अन्य वाणिज्यिक पेलोड भी इस उड़ान में शामिल हैं।
इसरो ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि आम लोग इस प्रक्षेपण को श्रीहरिकोटा स्थित लॉन्च व्यू गैलरी से देख सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। एजेंसी ने दर्शकों से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या किसी अन्य सरकारी पहचान पत्र के साथ मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी तैयार रखने की अपील की है, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया सुगम और त्वरित हो सके।