नए साल के जश्न के मौके पर दक्षिण पश्चिम भारत में तात्कालिक और गंभीर आतंकी हमले की आशंका को लेकर इजरायल ने पश्चिमी देशों से आने वाले पर्यटकों के लिए तात्कालिक और गंभीर चेतावनी जारी की है।
इजरायली प्रधानमंत्री के ऑफिस से जारी एक बयान में इजरायल के एंटी टेररिज्म डॉयरेक्टर ने कहा है कि 'भारत में आतंकी हमले की आशंका को लेकर हमने इजरायली पर्यटकों के लिए चेतावनी जारी की है। भारत के दक्षिण पश्चिम इलाके में हमले की आशंका है।'
चेतावनी में कहा गया है कि नए साल के जश्न के मौके पर भारत में विदेशी पर्यटकों की अधिकता वाले बीच और क्लब पार्टियों पर आने वाले दिनों में हमले की आशंका है। इसमें इस बात को रेखांकित किया गया है कि दक्षिण पश्चिम भारत के इलाकों खासकर गोवा, पुणे, मुंबई और कोचिन प्रमुख हैं।
इजरायली प्रधानमंत्री के ऑफिस से जारी किए गए नोट में कहा गया है कि पर्यटक बीच और नए साल के उत्सव के लिए पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट पर जश्न में शामिल होने से बचें। इसमें आगे कहा गया है कि भारत की यात्रा कर रहे इजरायली पर्यटक अलर्ट रहे और लोकल मीडिया के साथ स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट पर गौर करें।