ISIS से संबंध रखने के गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : Social Media
कर्नाटक के शिवमोगा में इस्लामिक स्टेट (ISIS) से संबंध रखने वाले तीन संदिग्धों की पहचान हुई है। पुलिस ने इनमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे संदिग्ध की तलाशी जारी है। कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने आरोप लगाया है कि पकड़े गए आरोपी विस्फोटक की खरीदने की कोशिश में जुटे थे। उनकी योजना पूरे राज्य में धमाके करने की थी। इसके बाद पुलिस ने शिवमोगा के रहने वाले शारिक, माजी और सईद यासीन के खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। एफआईआर के मुताबिक, गिरोह के सदस्य इस्लामिक स्टेट की गतिविधियों को बढ़ाने की योजना बना रहे थे, जो भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के खिलाफ है।
कर्नाटक के गृहमंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने कहा, ‘‘तीनों के इस्लामिक स्टेट से संबंध है।’’ उन्होंने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘ उनकी गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है। वे शिवमोगा और तीर्थहल्ली के रहने वाले हैं और उनका संबंध मंगलुरु से है।’’ पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि गिरफ्तार व्यक्तियों ने धमाके करने सहित आतंकवादी गतिविधियों का प्रशिक्षण लिया है।
सूत्रों ने बताया, ‘‘सरगना यासीन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। यासीन पेशे से इलेक्ट्रिक इंजीनियर है।’’ गौरतलब है कि शिवमोगा इस साल के शुरुआत में उस समय चर्चा में आया था जब हिजाब विवाद के बीच हिंदुत्व कार्यकर्ता हर्ष की हत्या कर दी गई। अगस्त में उस समय शहर से झड़पों की खबर आई जब कुछ दक्षिणपंथी पक्ष के सदस्यों ने हिंदुत्व के विचारक विनायक दामोदर सावरकर के पोस्टर लगाए और कुछ मुस्लिमों ने विरोध किया।
झड़प के दौरान 20 वर्षीय युवक को चाकू से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया गया। शिवमोगा जिले के ही निवासी ज्ञानेंद्र ने दावा किया कि गिरफ्तार संदिग्धों में से एक का संबंध पाकिस्तान से संचालित आतंकवादी समूह से है।