आईएसआईएस के नए वीडियो में आजमगढ़ का फरार आतंकी बड़ा साजिद ही है या कोई और, इसकी तस्दीक के लिए एनआईए समेत अन्य खुफिया एजेंसियां साजिद के करीबी दोस्त रहे मो. सैफ और असदुल्लाह उर्फ हड्डी से पूछताछ करने की तैयारी में हैं।
आजमगढ़ के रहने वाले ये दोनों आतंकी अलग-अलग जेल में बंद हैं। बड़ा साजिद, सैफ और असदुल्लाह दिल्ली के बटाला हाउस कांड में साथ थे। पुलिस के पास बड़ा साजिद की जो तस्वीरें हैं, वह 2008 के पहले की हैं। वीडियो में दिख रहा चेहरा साजिद की पुरानी फोटो से मेल नहीं खा रहा है। शुरुआती जांच में सुरक्षा एजेंसियों को वीडियो में साजिद की मौजूदगी के प्रमाण नहीं मिले हैं।
तीन दिन पूर्व आईएसआईएस की ओर से करीब ढाई मिनट का एक वीडियो जारी किया गया था। इसमें आजमगढ़ के फरार आतंकी बड़ा साजिद और अबू राशिद के होने का दावा किया था। वीडियो वायरल होने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तस्दीक में जुट गई हैं।