समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव का आपत्तिजनक फोटो फेसबुक एकाउंट पर लोड करने पर समर्थकों में उबाल आ गया। गुस्साए समर्थकों ने पहले एसपी से मुलाकात कर इसकी शिकायत की। डिडौली कोतवाली में संबंधित के खिलाफ तहरीर दी। चूंकि मामला सपा सुप्रीमो से जुड़ा है, इसलिए पुलिस ने भी आनन-फानन में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी मोहित कुमार की धरपकड़ की तैयारी में जुटी थी।
कस्बा जोया के मोहल्ला चौधरियान निवासी/मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष साजिद अली पुत्र रफीक के नेतृत्व में सोमवार की दोपहर तमाम समर्थक व पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने एसपी डॉ.शिवा शिम्मी चनप्पा वार्ता की और बताया कि मोहित कुमार नाम के युवक ने फेसबुक एकाउंट पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की आपत्तिजनक फोटो अपलोड की है, जिससे उनकी छवि को धूमिल किया है। यूथ ब्रिगेड इसको किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस पर एसपी ने उनको कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद समर्थक डिडौली कोतवाली में पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने युवक को नामजद करते हुए रिपोर्ट लिखाई है। इस संबंध में सीओ सिटी शील कुमार ने बताया कि युवक के खिलाफ 505 धारा (मानहानि) में मुकदमा लिखा गया है।
फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डॉ.. शिवा सिम्पी चिनप्पा, एसपी अमरोहा