पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अब भारतीय सेना के अफसरों को बदनाम करने की घटिया हरकत पर उतर आई है। कांगड़ा जिले में धर्मशाला के पास योल कैंट में सेना के एक बड़े अफसर के खिलाफ पर्चे बंटने की घटना को सेना इसी से जोड़कर देख रही है। इस हरकत के लिए आईएसआई पर शक जताते हुए सेना ने कहा है कि यह अधिकारी की छवि और सेना के उत्साह को गिराने की कोशिश है।
पढ़ें- भारतीय ज्योतिषी ने उड़ाया पाकिस्तान का चैन, ISI ने जारी किया सर्कुलर
शुक्रवार को सेना के योल कैंट में तैनात एक बड़े रैंक के अफसर के खिलाफ पर्चे बंटने का मामला सामने आया। अखबारों में डालकर बांटे इन पर्चों में सेना के अफसर पर कई अनर्गल आरोप लगाए गए। अफसर की फोटो वाले ये पर्चे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिए गए। पर्चों को किसने बांटा और किसने छपवाया, किस प्रिंटिंग प्रेस में ये छपे, इसका भी कहीं जिक्र नहीं है। इस घटना के बाद योल छावनी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सेना ने इसकी जांच करवाई तो इसे पूरी तरह झूठ और मनगढ़ंत पाया गया। बताया जा रहा है कि अखबारों में वितरण के लिए ये पर्चे शुक्रवार सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने दिए थे। इसके पीछे किसका हाथ है, सेना इसकी अभी जांच कर रही है।
सेना के जन सूचना अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा है कि इसमें किसी व्यक्ति की शरारत या पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। मामले की जांच सेना के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने की है। कमांडर की बेहतर छवि को खराब करने और सेना के उत्साह को गिराने की कोशिश की गई है। सेना के कमांडर ने पांच माह पहले जब से योल में ज्वाइन किया है, तब से वहां पर कोई भी डांस पार्टी आयोजित नहीं हुई। स्टेशन में सारी मेडिकल सुविधाएं हैं। किसी को इलाज करवाने के लिए सेना के स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं होती है। स्टेशन के पास ही योल में मिलिट्री अस्पताल भी है। वहां जाने के लिए स्टेशन में हमेशा वाहन तैनात रहते हैं, जो सभी के लिए होते हैं।