तमिलनाडु में डीएमके-कांग्रेस के बीच गठबंधन में रार की अटकलें हैं। डीएमके सांसद तिरुचि शिवा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता के कामराज को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान ने तमिलनाडु में विपक्षी गठबंधन इंडिया में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इस पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा नेता अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके सांसद के बयान पर कांग्रेस की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस डीएमके गठबंधन छोड़कर अपनी गरिमा बचाने के लिए अकेले चुनाव लड़ेगी?
भाजपा नेता ने कहा कि डीएमके नेता ने के. कामराज के बारे में तथ्यात्मक रूप से गलत बयान दिया है। इसके बाद भी कांग्रेस चुप क्यों है? क्या कांग्रेस डीएमके गठबंधन छोड़ने के लिए तैयार है? क्या कांग्रेस अपनी गरिमा बचाने के लिए अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार है? क्या तमिलनाडु में कांग्रेस और डीएमके गठबंधन टूटने वाला है?
स्टालिन ने नेताओं से बहस से बचने के लिए कहा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने नेताओं से बहस से बचने और दुष्ट लोगों के इरादों को जगह न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे तमिल माने जाने वाले के. कामराज के बारे में सार्वजनिक रूप से विवादास्पद बहस करना उचित नहीं है। ऐसे दुष्ट लोगों के इरादों को जगह न दें जो उपद्रव फैलाने और उसमें आनंद लेने की योजना बनाते हैं! फादर पेरियार ही थे जिन्होंने महान नेता कामराज को एक सच्चे तमिलवादी कहा था।
एक्स पर स्टालिन ने कहा कि इतने महान नेता, एक महान तमिलवादी के बारे में सार्वजनिक रूप से विवादास्पद बहस करना उचित नहीं है। साझा की गई कोई भी राय इस तरह से होनी चाहिए जिससे सम्मानित नेताओं की गरिमा बनी रहे। उन्होंने गठबंधन से एकजुट होकर कामराज के सपनों को पूरा करने का आग्रह किया। स्टालिन ने कहा कि आइए हम सब एकजुट हों और उस महान नेता के सपनों को पूरा करने के लिए काम करें जिन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष सद्भाव के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। आइए हम व्यर्थ की बहस से बचें।
इस बीच तमिलनाडु कांग्रेस ने कामराज पर अपनी टिप्पणी के लिए तिरुचि शिवा से माफी की मांग की है। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के राज्य महासचिव सरवनन ने आरोप लगाया कि तिरुचि शिवा ने झूठा दावा किया कि तमिलनाडु टूरिस्ट रेस्ट हाउस में कामराज के लिए एक वातानुकूलित कमरा बनवाया गया था।