बहुचर्चित शीना बोरा हत्याकांड में जेल में बंद इंद्राणी मुखर्जी की वकील सना आर. खान ने बुधवार को शीना के जिंदा होने का दावा किया। सना ने कहा कि मुझे मेरी मुवक्किल इंद्राणी ने यह जानकारी दी है कि उसे एक महिला अधिकारी ने शीना बोरा के 24 जून को कश्मीर में डल झील के पास मिलने की बात कही है।
वकील सना आर. खान ने यह भी कहा कि जिस महिला अधिकारी ने इंद्राणी को शीना के जिंदा होने की बात कही है, वह सीबीआई के समक्ष यह बयान देने को तैयार है। सना ने यह भी कहा कि हम सीबीआई को इस दावे की निष्पक्ष जांच करने का निर्देश देने के लिए कोर्ट में आवेदन देंगे।
अपनी ही बेटी शीना बोरा की हत्या की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने इससे पहले 16 दिसंबर को शीना के जिंदा होने का दावा किया था। वर्ष 2012 में अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या के आरोप में जेल में बंद इंद्राणी मुखर्जी ने जेल से सीबीआई को एक पत्र लिखा था। पत्र में इंद्राणी ने दावा किया है कि शीना बोरा जिंदा है और सीबीआई को उसे ढूंढना चाहिए। मुखर्जी ने अपने पत्र में लिखा कि शीना बोरा कश्मीर में जिंदा है। इंद्राणी मुखर्जी ने सीबीआई को लिखी चिट्ठी में बताया है कि जेल में उसे मिली एक महिला कैदी ने बताया है कि शीना बोरा से वह कश्मीर में मिली थी। इंद्राणी ने सीबीआई से जांच की मांग की है।
रायगढ़ के जंगल में किसकी मिली थी लाश?
वहीं, इंद्राणी के वकील ने इस पूरी मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। इंद्राणी के वकील का कहना है कि उन्होंने यह पत्र सीधा सीबाआई को लिखा है जिस कारण उन्हें पता नहीं कि इस पत्र में किन किन बातों का कैसे जिक्र किया गया है। उन्होंने कहा कि वो जब जेल जाएंगे तब भी इंद्राणी से इस मामले की जानकारी जुटा पाएंगे। इस बीच सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि अप्रैल 2012 में महाराष्ट्र के रायगढ़ के जंगल में आखिरी किसकी लाश मिली थी, जिसे सीबीआई ने भी शीना बोरा के शव होने की पुष्टि की थी।
फारेंसिक रिपोर्ट में शीना के शव होने की हुई थी पुष्टि
रायगढ़ के जगंल में मिले लाश के अवशेष शीना बोरा के ही थे। इस बात की पुष्टि एम्स की फोरेंसिक रिपोर्ट ने भी की थी। यही रिपोर्ट सीबीआई को सौंपी गई थी। फोरेंसिक रिपोर्ट ने इस बात की तस्दीक कर दी थी कि रायगढ़ के जंगल में मिले शव के अवशेष शीना बोरा के ही थे।
जांच एजेंसियों की बढ़ी चिंता
इंद्राणी मुखर्जी ने सीबीआई निदेशक को लिखे पत्र में दावा किया कि हाल ही में उसकी मुलाकात जेल में एक महिला से हुई, जिसने उसे बताया था कि वो कश्मीर में शीना बोरा से मिली। जेल में बंद महिला की बात में कितनी सच्चाई है यह तो कह पाना मुश्किल है, लेकिन इंद्राणी मुखर्जी के खत ने जांच एजेंसियों की पड़ताल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर सीबीआई 2012 में शीना बोरा को मृत घोषित कर चुकी है, तो फिर कश्मीर में वह कौन लड़की है और रायगढ़ के जंगल में मिलने वाली लाश का अवशेष किसका था। ऐसे में सीबीआई के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। बता दें कि इंद्राणी 2015 से मुंबई की भायकुला जेल में बंद हैं।