भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी अजय भटनागर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में विशेष निदेशक नियुक्त किया गया है। भटनागर झारखंड कैडर के 1989 बैच के आईपीएस हैं और फिलहाल सीबीआई में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। वह 20 नवंबर 2024 तक इस पद पर रहेंगे। अनुराग अब अतिरिक्त निदेशक होंगे। उन्हें 24 जुलाई 2023 तक की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है। वहीं, गुजरात कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज शशिधर तीन साल की अवधि के लिए सीबीआई में अतिरिक्त निदेशक के पद पर नियुक्त किए गए हंै।
डब्बा ट्रेडिंग मामले में तीन शेयर ब्रोकर गिरफ्तार
मुंबई। ‘डब्बा ट्रेडिंग’ यानी शेयरों के अवैध व्यापार में कथित रूप से शामिल तीन और शेयर ब्रोकरों को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि ब्रोकर निवेशकों को लाने के लिए मामले के मुख्य आरोपी से कथित तौर पर कमीशन लेते थे। मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय कांदिवली, दहिसर और बोरीवली इलाकों से ये गिरफ्तारियां की गईं।
मणिपुर : अब तक 1,110 हथियार 250 बम, 13,941 विस्फोटक जब्त
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाकर अब तक करीब 1,110 हथियार, 250 बम और 13,941 विस्फोटक बरामद किए हैं। भारतीय सेना, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने पिछले महीने लूटे गए हथियारों की बरामदगी के लिए तलाशी अभियान चलाया था। सूत्रों के मुताबिक, तीन मई के बाद से राज्य के विभिन्न हिस्सों से उग्रवादियों ने विभिन्न बलों के 5,000 से अधिक हथियार और पांच लाख से अधिक गोला-बारूद लूटे थे। उसके बाद से इनकी बरामदगी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च, गश्त और तलाशी अभियान भी चला रहे हैं।
हरित हाइड्रोजन को मिलेगा 17,000 करोड़ का प्रोत्साहन
सरकार इलेक्ट्रोलाइजर्स और हरित हाइड्रोजन को बढ़ावा देने के लिए 17,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना लॉन्च कर सकती है। एमएनआरई के सचिव भूपिंदर सिंह भल्ला ने कहा, इस संबंध में मसौदा तैयार हो गया है और कुछ दिनों में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। भल्ला ने बताया, प्रोत्साहन एक योजना के तहत दिया जाएगा। इससे स्वच्छ ऊर्जा के निर्माण में तेजी आएगी। सरकार संबंधित मंत्रालयों के साथ इस पर काम भी कर रही है। इस प्रोत्साहन को 2030 तक के लिए जारी रखा जाएगा जो चरणबद्ध तरीके से दिया जाएगा।
आवासीय कॉलोनी में बकरीद पर जानवरों का अवैध वध न होने पाए : बॉम्बे हाईकोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि बकरीद के दौरान दक्षिण मुंबई की आवासीय कॉलोनी में कुर्बानी के नाम पर जानवरों का अवैध वध न हो। बकरीद बृहस्पतिवार को है।
नियमित अदालत के समय के बाद आयोजित विशेष तत्काल सुनवाई में जस्टिस जीएस कुलकर्णी और जस्टिस जितेंद्र जैन की खंडपीठ ने कहा, नैथानी हाइट्स सोसायटी में कुर्बानी की अनुमति सिर्फ तभी दी जा सकती है, जब नगर निकाय ने लाइसेंस दिया हो। यदि नगर निगम ने उक्त स्थान पर जानवरों की कुर्बानी के लिए लाइसेंस जारी नहीं किया है, तो नगर निगम के अधिकारी पुलिस कर्मियों की सहायता से प्रस्तावित कुर्बानी को रोकने के लिए कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करेंगे। पीठ सोसायटी के निवासी हरेश जैन की याचिका पर सुनवाई कर रही थी।