ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल के अधिकारियों के अनुसार, 41 वर्षीय सोनू योगेंद्र जालान का अंडरवर्ल्ड समेत कई बड़े लोगों से संबंध है। उसने पुलिस को बताया है कि डॉन दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी इतिशाम और डॉक्टर हमेंशा उसके संपर्क में रहते हैं। दुबई में दाऊद को सेटल करने में अहम भूमिका निभाने वाले रईस फारूकी और अनिल कोठारी उर्फ टुंडा से भी सोनू का संपर्क था। दोनों दुबई से ऑनलाइन सट्टेबाजार को संभालते थे।
दुबई में कराई थी मुलाकात
सोनू ने 2015 में प्रेम तनेजा और जूनियर कोलकत्ता की दुबई में मीटिंग कराई थी। तीनों ने श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के गल्फ सीरीज की मैच फिक्सिंग की थी। फिक्सिंग के बाद एक ही दिन में 22 विकेट गिरे थे, क्रिकेट इतिहास में रिकॉर्ड हैं। चूंकि यह पूरा सट्टे का कारोबार अंडरवर्ल्ड के इशारे पर चलने की बात सामने आ रही है। इससे खान को ब्लैकमेल करके करोड़ों ऐंठने का संदेह गहरा गया है।
अरबाज से पूछे गए सवाल -
1-सोनू जालान को आप कब से जानते हैं और उससे क्या रिश्ते हैं?
2-सोनू से आपको किसने मिलवाया और पहली बार कब मिले?
3-क्या आपको पता है कि सोनू सट्टेबाज है और पहले भी गिरफ्तार हो चुका है?
4-आपकी सोनू और अन्य सटोरियों के साथ तस्वीर है। क्या उन्हें जानते हैं?
5-क्या आप सोनू से लगातार संपर्क में हैं?
6-आपके और सोनू के बीच कितनी बार और कितने का लेनदेन हुआ?
7-आपने कितनी बार मैच में सट्टा लगाया। हाल में खत्म हुए आईपीएल में भी सट्टा लगाया था?
8-आपके पास सोनू का करीब 3 करोड़ बकाया है। क्या यह सट्टेबाजी का पैसा है?
9-फिल्म जगत के कितने सेलिब्रिटी को आपने सोनू से मिलवाया? आपके कितने मित्र उसे जानते हैं?
10-क्या आपके परिवार के लोग सटोरिये सोनू से आपके रिश्ते के बारे में जानते हैं?
11-क्या आपको पैसे के लिए ब्लैकमेल किया जाता था? कौन धमकाता था?
12-अंतिम बार सोनू से कब मुलाकात हुई थी?