वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इस मामले को छोड़ने के मूड में नहीं है। पार्टी प्रवक्ता शहनवाज हुसैन का कहना है कि जिस तरह से बीजेपी के लोगों को बंगाल में निशाना बनाया जा रहा है, वह खामोश नहीं बैठेंगे। इसी कारण यह बंद बुलाया गया है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में झारखंड से सटे पुरुलिया जिले में शनिवार सुबह एक और व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। हलरामपुर इलाके के दुलाल दास (30) का शव बिजली के हाई टेंशन टावर से लटका मिला। इससे पहले उसी इलाके में बुधवार सुबह त्रिलोचन महतो नामक एक भाजपा कार्यकर्ता का शव पेड़ से लटकता मिला था। भाजपा ने दुलाल दास को अपना कार्यकर्ता बताते हुए इन दोनों हत्याओं के लिए सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। दूसरी ओर, राज्य सरकार ने इन दोनों मामलों की जांच सीआईडी को सौंप दी है। दोनों हत्याएं जिले के बलरामपुर इलाके में ही हुई हैं।
इस हत्या की सूचना मिलते ही भाजपा नेता मुकुल राय मौके के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि पुरुलिया के बलरामपुर में हमारी पार्टी के एक और कार्यकर्ता की हत्या हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि दुलाल की हत्या भी उसी तरीके से की गई है जैसे तीन दिन पहले त्रिलोचन महतो की हत्या हुई थी।
सिन्हा ने दावा किया कि हाल के पंचायत चुनावों में बलरामपुर इलाके में पैरों तले की जमीन खिसकने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने इलाके में आतंक मचा रखा है। उन्होंने इन दोनों हत्याओं की सीबीआई जांच की मांग उठाई। ध्यान रहे कि बीते महीने हुए
पंचायत चुनावों में भाजपा ने बलरामपुर इलाके की सभी सात ग्राम पंचायत सीटों पर कब्जा कर लिया था।
भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि इन हत्याओं में तृणमूल कांग्रेस का हाथ है। उनका कहना है कि बीती रात दुलाल के अपहरण की खबर मिलने के बाद उन्होंने अतिरिक्त पुलिस महानदिशेक (कानून व व्यवस्था) अनुज शर्मा से बात कर उसका पता लगाने को कहा था। लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर सकी। सुबह उसका शव बरामद किया गया।
तीन दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में शुक्रवार को पार्टी ने पूरे राज्य में थाना घेराव करने का कार्यकर्म रखा था। दुलाल उसी कार्यक्रम से शाम को घर लौटा था और फिर अपनी मोटरसाइकल ले कर निकल गया। घरवालों के मुताबिक, उसके मोबाइल फोन पर फोन करने पर किसी ने लाइन काट दी थी। देर रात उसकी मोटरसाइकिल एक तालाब के किनारे में बरामद हो गई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सुबह उसका शव हाइ टेंशन टावर से लटकता पाया गया।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अनुज शर्मा ने बताया कि दोनों हत्याओं की सीआईडी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा है कि इन हत्याओं के विभिन्न पहलुओं की जांच की जानी चाहिए।
इसमें भाजपा, बजरंग दल और सीमा पार यानी झारखंड में सक्रिय माओवादियों की भूमिका की जांच भी जरूरी है। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी ने तीन दिन पहले हुई त्रिलोचन महतो की हत्या को भाजपा और बजरंग दल के आपसी संघर्ष का नतीजा बताया था।