nalini chidambaram with p chidambaram
विदेश में चिदंबरम परिवार की कथित बेशुमार दौलत से जुड़े दस्तावेज हासिल करने के लिए अब कई देशों को लैटर रोगेटरी भेजा जाएगा। किसी मामले में सबूत हासिल करने के लिए यह एक अदालती प्रार्थना पत्र होता है। इसमें दूसरे राष्ट्र से किसी केस की सच्चाई का पता लगाने के लिए मदद करने का आग्रह किया जाता है।
कार्ती चिदंबरम का विदेश में अकाउंट
पी. चिदंबरम की तरफ से पेश वकील कपिल सिब्बल ने तो वहीं सीबीआई की तरफ से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बहस की। सीबीआई की विशेष अदालत के सामने चिदंबरम ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सीबीआई ने मुझसे पूछा कि आपका कोई विदेश में अकाउंट है, मैंने बताया कि मेरे बेटे का विदेश में अकाउंट है। अभी तक मेरा कोई भी अकाउंट देश से बाहर नहीं है।
मुखौटा कंपनियों से निवेश
सीबीआई और ईडी, दोनों एजेंसियों का कहना था कि चिदंबरम परिवार की विदेश में भी कथित संपत्तियां हैं। जिनकी गहन जांच पड़ताल जरुरी है। जांच में यह भी सामने आया है कि विदेश में बड़े पैमाने पर मुखौटा कंपनियां खोलकर उनमें भारी निवेश किया गया है। ईडी के अधिकारियों का कहना है कि कम से कम सात देशों में चिदंबरम परिवार की कथित चल-अचल संपत्तियों का पता चला है।
600 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
लैटर रोगेटरी के जरिये यह मालूम किया जाएगा कि इन कंपनियों में जो पैसा लगा है, उसका स्रोत क्या है। ईडी के मुताबिक चिदंबरम परिवार के पास देश और विदेश में कई बड़ी संपत्तियां हैं। जिनका ब्यौरा उन्होंने अपने शपथ पत्र में नहीं दिया है। जांच एजेंसी के पास यह पक्की जानकारी है कि पूर्व वित्तमंत्री के परिवार के पास छह सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति है। इसका बड़ा हिस्सा विदेशों में है। इनमें से ज्यादातर प्रॉपर्टी मुखौटा कंपनियों के नाम पर हैं। सीबीआई जांच में भी ऐसी 29 प्रॉपर्टी का ब्यौरा सामने आ चुका है। वहीं ईडी के सूत्रों का कहना है कि ऐसी प्रॉपर्टी की संख्या करीब 47 है।
बार्सिलोना में टेनिस क्लब और ब्रिटेन में कॉटेज
इनमें मॉल, कॉटेज, टेनिस क्लब, मध्यम स्तर के शॉपिंग काम्पलेक्स, दूरसंचार कंपनियां और छोटे-छोटे आईटी हब शामिल हैं। कार्ती चिदंबरम ने करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्पेन के बार्सिलोना में टेनिस क्लब और ब्रिटेन में कॉटेज खरीदा है। चिदंबरम इस बाबत कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए कि ये सभी प्रॉपर्टी खरीदने के लिए उनके पास रुपया कहां से और कैसे आया है।