कोरोना वायरस के मामले भले ही कम हो रहे हों, लेकिन इसके नए वैरिएंट के आने का सिलसिला जारी है। हैदराबाद में ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट बीए.4 का पहला मामला सामने आया है। यह बीए.2 सब-वैरिएंट की तरह ही है। भारतीय सार्स कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) ने आज इसकी पुष्टि की है।
भारतीय सार्स कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) ने कहा कि बीए.4 (BA.4) ओमिक्रॉन वैरिएंट की पहचान हैदराबाद में एक कोविड पाजिटिव व्यक्ति के नमूने में की गई। इस व्यक्ति का 9 मई को सैंपल लिया गया था। जनवरी के बाद से ओमिक्रॉन के बीए.4 और बीए.5 वैरिएंट दक्षिण अफ्रीका में कोरोना की पांचवीं कोरोना लहर के रूप में देखा गया है। इन वैरिएंट के चलते ही अमेरिका और यूरोप में कोरोना संक्रमण की एक नई लहर आई है। यह पहली बार है जब भारत में ओमिक्रॉन के बीए.4 वैरिएंट की जानकारी सामने आई है।
रोजाना दो हजार से अधिक मामले
देश में अभी भी कोरोना वायरस के दो हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि कोविड 19 के एक्टिव मामलों में गिरावट जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 2,259 नए मामले सामने आए हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, एक दिन पहले गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के 2,364 नए मामले सामने आए थे। कोरोना के इन नए मामलों के साथ देश में एक्टिव केस 15,044 हो गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस से 20 नई मौतें दर्ज हुई हैं, जिससे कोरोना से मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 5,24,323 हो गई है।