फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tomato: त्योहार के पहले आम आदमी को महंगाई का झटका:120 रुपए किलो तक पहुंचे टमाटर के दाम, जानिए कब तक घटेंगे रेट

Wed, 06 Aug 2025 08:43 PM IST
राहुल कुमार डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
टमाटर बेच रहा दुकानदार। संवाद
विज्ञापन

 त्योहार सीजन के पहले आम आदमी को महंगाई का झटका लगा है। टमाटर के बढ़ते दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। टमाटर के आसमान छूते भाव के पीछे टमाटर उत्पादक इलाकों में भारी बारिश बताई जा रही है। तेज बारिश की वजह से फसल को नुकसान हुआ है। टमाटर कारोबारी और उत्पादकों की मानें तो फिलहाल इसकी कीमतों से राहत मिलना मुश्किल है। सस्ते टमाटर के लिए ग्राहकों को कम से कम एक महीने का इंतजार करना पड़ सकता है।

विज्ञापन


राजधानी दिल्ली के खुदरा बाजारों में टमाटर 80 से 100 रुपये किलो बिक रहा है। जबकि महीने भर पहले यही टमाटर के खुदरा भाव 40 से 60 रुपये किलो थे। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश भर के खुदरा बाजारों में टमाटर के अधिकतम भाव 120 रुपये किलो तक हैं, जबकि इसकी औसत कीमत 50.88 रुपये किलो है। महीने भर पहले यह कीमत 39.3 रुपये किलो थी। महीने भर में टमाटर के औसत खुदरा भाव करीब 27 फीसदी बढ़ चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस दौरान महाराष्ट्र में टमाटर के औसत भाव 38.37 रुपये से बढ़कर 48.37 रुपये, मध्य प्रदेश में 38.7 रुपये से बढ़कर 52.34 रुपये और उत्तर प्रदेश में 38.78 रुपये से बढ़कर 63.5 रुपये और दिल्ली में 53 रुपये से बढ़कर 73 रुपये किलो हो चुके हैं। टमाटर का कारोबार करने वाले व्यापारियों का कहना है कि, महाराष्ट्र की नारायण गांव मंडी में टमाटर के थोक भाव बीते एक माह के दौरान 750 से 2,500 रुपये से बढ़कर 2,500 से 5,000 रुपये क्विंटल और जबकि दिल्ली की आजादपुर मंडी में ये भाव 600 से 3,600 रुपये से बढ़कर 1,200 से 5,000 रुपये क्विंटल हो चुके हैं।
विज्ञापन


टमाटर उत्पादकों का कहना है कि, इस साल टमाटर उत्पादक इलाकों में जून-जुलाई महीने में खूब बारिश हुई है। जिससे इसकी फसल को भारी नुकसान हुआ है। इस वजह से बाजार में टमाटर की फसल 30 से 40 फीसदी कम आ रही है। इसी वजह से टमाटर के रेट में बढ़ गए है। कारोबारियों का कहना है कि,फिलहाल टमाटर की महंगाई से राहत मिलना मुश्किल है। लेकिन अगले महीने से टमाटर के दाम घटने लग सकते है। बाजार में 20 अगस्त के बाद ही नई फसल आने की संभावना है। अभी सब्जी मंडियों में महाराष्ट्र और बेंगलुरु से टमाटर की आवक हो रही है और बाकी जगह से बहुत कम टमाटर मंडियों में पहुंच रहे है। अगले महीने महाराष्ट्र के नासिक इलाके से टमाटर की नई फसल की आवक बढ़ने लगेगी। ऐसे में टमाटर के दाम घटने की उम्मीद हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें