इंद्रेश कुमार देश विरोधी नारे लगाने वालों को पाक भेजना चाहते हैं
- फोटो : PTI
जम्मू कश्मीर स्थित एनआईटी श्रीनगर में पढ़ने वाले दूसरे राज्यों के छात्रों पर हुई बर्बर पुलिसिया कार्रवाई के बाद 'भारत माता की जय' बोलने के मुद्दे ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने इस पुलिसिया कार्रवाई को निर्मम बताते हुए कहा कि उन लोगों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए जो भारत माता की जय नहीं बोलते।
आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी स्थित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचे थे। जब उनसे श्रीनगर एनआईटी में गैर कश्मीरी छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'जो लोग पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हैं उन्हें ससम्मान पाकिस्तान भेज दिया जाना चाहिए। उन्हें इस देश में रहने का कोई अधिकार नहीं।'
उन्होंने कहा कि जो लोग देश में रहकर देश का ही नारा नहीं लगा सकते उन्हें यहां रहने का भी अधिकार नहीं होना चाहिए। जेएनयू कैंपस में लगे भारत विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों को उन्होंने मानवता का दुश्मन करार दिया। इससे पहले वाराणसी के डीरेका में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश की परिस्थितियों को ध्यान रखते हुए आम जन को राष्ट्र के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता है।