विमानन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को घोषणा की कि ईरान और उससे जुड़े हवाई क्षेत्र में जारी परिस्थितियों के कारण त्बिलिसी, अल्माटी, बाकू और ताशकंद के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन अब 28 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है। इससे पहले इन सेवाओं को 28 फरवरी तक रद्द किया गया था।
एयरलाइन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि क्षेत्रीय हालात को देखते हुए इन चार शहरों के लिए उड़ानें प्रभावित रहेंगी। कंपनी के अनुसार यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही असुविधा कम करने के लिए उड़ान कार्यक्रम की समीक्षा की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Maharashtra: अजित पवार के निधन के बाद 75 शिक्षण संस्थानों को दिया गया अल्पसंख्यक का दर्जा? CM ने लगाई रोक
ईरानी एयरस्पेस का इस्तेमाल किया बंद
इंडिगो और एयर इंडिया ने ईरानी हवाई क्षेत्र का उपयोग बंद कर वैकल्पिक मार्गों से अपनी लंबी दूरी की उड़ानें संचालित करनी शुरू कर दी हैं। इससे पहले 4 फरवरी को इंडिगो ने जानकारी दी थी कि वह लीज पर लिए गए ड्रीमलाइनर विमानों से संचालित लंबी दूरी की उड़ानों में बदलाव करेगी। कोपेनहेगन के लिए सेवाएं 17 फरवरी से निलंबित की जाएंगी, जबकि दिल्ली-लंदन हीथ्रो और दिल्ली-मैनचेस्टर मार्गों पर उड़ानों की संख्या घटाई जाएगी।
एयरलाइन ने कहा था कि बदलते हवाई क्षेत्र प्रतिबंध, भारत और विदेशों के हवाई अड्डों पर भीड़ व भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण परिचालन पर दबाव पड़ा है, जिससे 787-9 विमानों के शेड्यूल पर असर हुआ है।
ये भी पढ़ें: Tamil Nadu: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अभिनेत्री तृशा पर की टिप्पणी, विवाद बढ़ा तो कुछ ही घंटो में मांगी माफी
मुंबई हवाई अड्डे पर कार्गो संचालन का अस्थायी निलंबन
वैश्विक एयरलाइंस संस्था आईएटीए ने सोमवार को मुंबई हवाई अड्डे की उस योजना पर चिंता व्यक्त की, जिसके तहत बुनियादी ढांचे के उन्नयन के लिए इस साल अगस्त से हवाई अड्डे पर मालवाहक विमानों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा।
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) ने कहा कि उसने इस साल जनवरी में अदानी समूह द्वारा संचालित मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के साथ इस मामले को उठाया था और स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
अन्य वीडियो