Indian Wrestlers Team At Delhi Aiport : बर्मिंघम में पहलवानी में जोहर दिखाकर भारतीय टीम अब स्वदेश लौट आई है। सोमवार देर रात दिल्ली हवाई अड्डे पर टीम को लोगों ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। स्वदेश पहुंचने पर भारतीय पहलवान छोरियों ने मीडिया से बात की, उन्होंने पदक का श्रेय अपने देश को दिया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पहलवान साक्षी मलिक, कांस्य पदक विजेता पूजा सिहाग और कांस्य पदक विजेता पूजा गहलोत सोमवार देर रात दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचीं।
भारतीय पहलवान साक्षी मलिक ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है और खुशी हो रही है कि ओलंपिक के बाद ये मेरा पहला इतना बड़ा मेडल है। मैं भारत को इसका श्रेय देना चाहूंगी जिन्होंने मुझे पूरा समर्थन और प्यार दिया। मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पहलवान पूजा सिहाग ने कहा कि अच्छा लग रहा है, मैं इसका श्रेय कोच को दूंगी। बर्मिंघम में कांस्य पदक जीतकर आईं भारतीय पहलवान पूजा गहलोत ने कहा कि बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं, मैं भारत को इसका श्रेय दूंगी और ये मेडल मैं अपने देश के लिए ही लाई हूं।
स्वदेश लौटे एथलीटों का भी स्वागत
सोमवार देर रात ही भारतीय एथलीट संदीप कुमार, एल्डोस पॉल, अविनाश सेबल और अब्दुल्ला अबूबकर बर्मिंघम से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान लोगों ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। 10,000 मीटर रेस वॉक में कांस्य पदक जीतने वाले एथलीट संदीप कुमार ने यहां कहा कि बहुत खुशी हो रही है कि मैं देश के लिए मेडल लेकर आया हूं, आगे आने वाले खेलों में इससे अच्छा करने की कोशिश करूंगा।
वहीं 3000 मीटर स्टीपलचेज के फाइनल में रजत पदक जीतने वाले एथलीट अविनाश मुकुंद सेबल ने भी कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है, स्वर्ण पदक नहीं मिला लेकिन अगली बार मैं स्वर्ण पदक लाने की पूरी कोशिश करूंगा। ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट एल्डोस पॉल ने कहा कि बहुत गर्व महसूस हो रहा है, जिन्होंने मुझे समर्थन दिया है मैं उनको इसका श्रेय देना चाहूंगा। ट्रिपल जंप में रजत पदक जीतने वाले एथलीट अब्दुल्ला अबूबकर ने कहा कि बहुत खुश हूं, एशियन गेम्स मैं स्वर्ण पदक लाने की कोशिश करूंगा।