भारतीय सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस का इसी महीने एक और परीक्षण किए जाने की संभावना है। शनिवार को बताया कि ये परीक्षण इस मिसाइल की एक्सपायरी डेट को 10 साल से बढ़ाकर 15 साल करने की कवायद का हिस्सा होगा। ब्रह्मोस एयरोस्पेस के चीफ सुधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि ओड़िशा के चांदीपुर परीक्षण स्थल पर मिसाइल की ये परीक्षण उड़ान जुलाई के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जा सकती है।
मिश्रा ने ये बयान यहां लार्सन एंड टोरबो के एक नए संयत्र का उद्घाटन करते समय दिया। इस संयत्र में मिसाइल के स्टोरेज, ट्रांसपोर्टेशन और लांच के कैनिस्टर का निर्माण किया जाएगा। मिश्रा ने उद्घाटन के दौरान कहा, इस परीक्षण उड़ान का लक्ष्य मिसाइल की लाइफ को 10 से 15 साल तक बढ़ाना है। बता दें कि ब्रह्मोस एयरोस्पेस भारत के रक्षा शोध और विकास संगठन (डीआरडीओ) व रूस के एनपीओएम का संयुक्त उपक्रम है।
जल्द आएगा मिसाइल का वर्टिकल लांच संस्करण
ध्वनि से तीन गुना या 3.0 मैक की गति से लक्ष्य तक पहुंचने की क्षमता वाली ब्रह्मोस मिसाइल का वर्टिकल लांच की क्षमता वाला संस्करण जल्द ही तैयार हो जाएगा। मिश्रा ने दावा किया कि ये संस्करण पर्वतीय क्षेत्रों और विमान वाहक पोतों के खिलाफ कार्रवाई के काम आएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि इस मिसाइल का लड़ाकू विमानों से छोड़े जाने लायक हल्के संस्करण का डिजाइन भी तैयार हो चुका है।