राजीव नगर निवासी सुनील साहू की मौत के बाद प्रेमनगर थाने में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसके तहत पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, कांग्रेस नेता समेत ढाई सौ लोगों पर संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिसमें केंद्रीय मंत्री समेत नौ लोगों को नामजद शामिल किया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी में जुट गई है। अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर प्रेमनगर पुलिस ने मोहल्ला राजीव नगर निवासी सुनील साहू की चाय की दुकान पर सट्टे की सूचना पर दबिश देकर अभिषेक साहू व संजय राय को सट्टे की पर्चियां व रुपयों समेत पकड़ा था।
अभिषेक को थाने ले जाते ही दिल का दौरा पड़ जाने के कारण सुनील साहू की मौत हो गई थी। इस घटना से गुस्साए लोगों ने थाने के बाहर शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया था। आरोप है कि मौके पर मौजूद नेताओं के उत्तेजित बातें करने से भीड़ भड़क गई थी। जिसके बाद भीड़ ने महिला सिपाही नम्रता सिंह की वर्दी फाड़कर मारपीट कर गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। थाने पर खड़े वाहनों के शीशे तोड़ने के साथ रजिस्टर फाड़ दिए थे। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीन सिपाहियों पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद लोग माने थे।
इस मामले में थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय की तहरीर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, शहर कांग्रेस अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन समेत हरदौल मार्ग निवासी किशन दत्त साहू, राजीव नगर निवासी प्रेमदत्त साहू, आशीष साहू, सुरेश कुमार साहू, रक्सा के पुनावली कला निवासी बनमाली साहू, संतोष, पूर्व सभासद आजाद सिंह यादव एक अन्य नेता, एक अन्य सहयोगी समेत ढाई सौ लोगों पर कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की भी तैयारी शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस की एक टीम सभी की पहचान उजागर करने में जुट गई है।
कैमरों का लिया जा रहा सहारा
पुलिस के अनुसार नेताओं की बातचीत के चलते भीड़ ने हंगामा किया था। इस बीच पुलिस ने वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई थी। बताया गया है कि रिपोर्ट में अज्ञात नेता व उसके सहयोगी की भी पहचान उजाकर कर रिपोर्ट दर्ज होगी। इसके अलावा, अज्ञात आरोपियों को पहचानने के लिए कैमरे से पहचान पड़ताल शुरू कर दी है।
कानून हाथ में लेने का हक नहीं
इस मामले में जिस तरह से हंगामा, नारेबजी व प्रदर्शन किया गया, उससे साफ है कि लोगों ने कानून तोड़ा है। ऐसे में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने का हक नहीं है।
विनोद कुमार सिंह, एसएसपी