डबल डेकर ट्रेन में सफर करने वालों का आएगा और मजा
- फोटो : Reuters
अब आपको डबल डेकर ट्रेन में बैठकर ही सफर करने की मजबूरी नहीं रहेगी। आप मजे में सफर के दौरान बर्थ पर सो कर यात्रा कर सकेंगे। रेलवे मंत्रालय डबल डेकर ट्रेन के लिए कुछ इस तरह के कोच डिजाइन करवा रहा है, जिनमें स्लीपर कोच भी होंगे। यात्री अब डबल डेकर ट्रेन में स्लीपर कोच की सुविधा हासिल कर सकेंगे। अगर जर्नी लंबी हो तो आप सोने के लिए स्लीपर बर्थ का और बैठने के लिए चेयर कार का इस्तेमाल कर सकेंगे। कोच को इस तरह के डिजाइन किया जा रहा है कि डबल डेकर के ऊपर के डेक को स्लीपर कोच बना दिया जाए, जहां सोने की व्यवस्था हो। नीचे वाले डेक में सिर्फ बैठने की व्यवस्था की जाए।
रेल मंत्रालय ने इस तरह के कोच को डिजाइन करने को कपूरथला कोच फैक्टरी को कहा। कोच फैक्ट्री को यह भी कहा गया है कि इसमें विदेशी तकनीक का भी सहारा लिया जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो और सुविधायुक्त सफर की जा सके। यह भी निर्णय किया जाए कि ऊपर वाले डेक में सोने की व्यवस्था सुविधायुक्त होगी या नीचे वाले डेक में। रेलवे मंत्रालय ने यह भी कहा कि कोच की डिजाइन में यह भी ख्याल रखा जाए कि बर्थ की संख्या में कोई कमी नहीं आए। डबल डेकर ट्रेन के एक कोच में नीचे वाले डेक में 70 लोगों की बैठने की सुविधा है और ऊपर वाले डेक में 50 लोगों की।
बता दें कि डबल डेकर ट्रेन के यात्रियों की शिकायत इसमें सुविधा को लेकर थी। दरअसल, इस कोच में सीट इस तरह से लगी है जिससे यात्री बैठने के बाद अपने को जकड़ा हुआ महसूस करते थे। इसकी शिकायत बराबर रेलवे बोर्ड को मिल रही थी। लिहाजा रेलवे ने अब नए डिजाइन के साथ डबल डेकर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस तरह की कोच के पटरी पर आने के साथ ही दिल्ली से चलने वाली लखनऊ व जयपुर की इस ट्रेन में नए कोच लग जाएंगे।