भारत ने बांग्लादेश से हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर की अपील
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के बाद बांग्लादेश के चटगांव में तनाव की खबरों के बीच, भारत ने गुरुवार को ढाका से 'चरमपंथी' तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और देश के हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने चटगांव में हिंदू समुदाय के सदस्यों पर कथित हमले की निंदा की।उन्होंने कहा कि तनाव सोशल मीडिया पर 'भड़काऊ पोस्ट' का नतीजा था। उन्होंने आगे कहा, भारत बांग्लादेश सरकार से ऐसे चरमपंथी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करता है।
कनाडा ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट को किया ब्लॉक
भारत ने गुरुवार को कहा कि कनाडा ने विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनकी ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पेनी वोंग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के प्रसारण के कुछ घंटों बाद ही ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट को ब्लॉक कर दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सोशल मीडिया हैंडल और ऑस्ट्रेलिया टुडे के कुछ पेजों को ब्लॉक करने की कनाडा की कार्रवाई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रति पाखंड की बू आती है। मीडिया ब्रीफिंग में एक सवाल के जवाब में रणधीर जायसवाल ने कहा, हमें पता चला है कि इस विशेष आउटलेट के सोशल मीडिया हैंडल, पेज, जो कि महत्वपूर्ण प्रवासी आउटलेट हैं, ब्लॉक कर दिए गए हैं और कनाडा में दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।