भारतीय नौसेना के जवान रेस्क्यू करते हुए
- फोटो : ANI
भारतीय नौसेना की जांबाज टीम ने गुरुवार को बीच समुंदर में जाकर एक मर्चेंट शिप में मौजूद मलेशिया की एक महिला की जान बचा ली। बता दें कि गीता नाम की महिला सांस लेने की समस्या के बाद शिप पर बेहोश हो गई थी और समंदर की ऊंची लहरों के कारण उन्हें अस्पताल भेजने की दो कोशिशें नाकाम साबित हुई जिसके बाद पश्चिमी नौसेना कमान के हेलिकॉप्टर ने महिला को वहां से निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाने की मदद की।
सिंगापुर के मालवाहक जहाज में था मलेशियाई नागरिक
मलेशियाई नागरिक सिंगापुर के मालवाहक जहाज एमवी ईगल टंपा (Eagle Tampa) में सवार था। नौसेना को सूचना मिलते ही उसे बचाने की जद्दोजहद शुरू हुई। काफी मशक्कत के बाद तीसरी बार में उसे बाहर निकाल लिया गया।
मुंबई तट से करीब 18 नॉटिकल माइल्स की दूरी पर था शिप
बता दें कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे नौसेना को सूचना मिली कि सिंगापुर के एक मर्चेंट शिप में मेडिकल इमरजेंसी है। उस वक्त यह मर्चेंट शिप मुंबई तट से करीब 18 नॉटिकल माइल्स की दूरी पर था।
महिला हो गई थी बेहोश
शिप में मौजूद 34 साल की महिला गीता सेल्वराजा को सांस लेने में और खाने की नली में काफी दिक्कत हो रही थी। गीता को एक बोट में डालकर हॉस्पिटल भेजने की कोशिश की गई लेकिन समंदर की ऊंची लहरों की वजह से यह संभव नहीं हो पाया। गीता बेहोश हो गई जिसकी वजह से उन्हें बोट में भेजने की कोशिश और भी मुश्किल हो गई। हालांकि काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू करने में कामयाबी मिल गई।