अमेरिका के उत्तरी डकोटा एयरपोर्ट पर बम की धमकी देने वाले भारतीय नागरिक की गिरफ्तारी के बाद विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने भारतीय दूतावास से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है।
गुजरात से ताल्लुक रखने वाले परमन राधाकृष्णन को ग्रैंड फोर्क्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शनिवार को पुलिस ने कथित रूप से बम की धमकी देने को लेकर हिरासत में लिया। राधाकृष्णन ने ट्रैवल एजेंट को धमकी दी थी कि उनके बैग में विस्फोटक है।
राधाकृष्णन की पत्नी के ट्वीट का जवाब देते हुए विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया। राधाकृष्णन को रिहा कराने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल और कारोबारी के कई दोस्तों ने विदेशमंत्री से इस मामले में हस्तेक्षप करने की मांग की है। इनका दावा है कि राधाकृष्णन को फंसाया गया है।
राधाकृष्णन के एक हफ्ते के व्यापारिक दौरे पर अमेरिका गए थे और घर लौटने के लिए फ्लाइट पकड़ने के लिए नॉर्थ डकोटा के ग्रैंड फोर्क्स एयरपोर्ट आए थे। उन्हें यहां से शनिवार को मिन्नेसोटा जाना था।
स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक ग्रैंड फोर्क्स पुलिस अधिकारी सुबह 5 बजे एयरपोर्ट पहुंचे जब यात्री ने ट्रैवल एजेंट को बताया कि उसके बैग में बम है।
बम की धमकी को देखते हुए ग्रैंड फोर्क्स क्षेत्रीय बम स्क्वॉयड ने उड़ानों को रोक दिया, ताकि बम की धमकी की सच्चाई का पता लगाया जा सके। हालांकि तलाशी में कोई बम या संदिग्ध चीज न मिलने के बाद उड़ानों को दोबारा शुरू कर दिया गया।