उड़ी हमले के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान की धरती आतंकवाद को बढ़ावा देती है। भारत ही नहीं विश्व के कई मुल्क पाकिस्तान को उसकी आतंकी देश होने के सुबूत दे चुके हैं।
विदेश मंत्रालय की प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरुप ने कहा कि पाकिस्तान की हर हरकत पर हमारी नजर रहती है। उसे यह बात समझनी चाहिए कि किस तरह से उसकी हरकतें पूरा दुनिया समझ रही है।
उड़ी की घटना का जिक्र करते हुए विकास स्वरुप ने कहा कि भारत के अलावा अमेरिका और रुस ने भी इस घटना की निंदा की है। हम पहले भी कई घटनाओं में पाकिस्तान के शामिल होने के सुबूत देते रहे हैं और हमने इस घटना के भी सुबूत उन्हें सौंपे हैं। पाकिस्तान की धरती आतंक को बढ़ावा देती है यह बात भारत ही नहीं कई देश कह चुके हैं।
पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए स्वरुप ने कहा कि आतंकवाद पाकिस्तान की नीति का हिस्सा बना चुका है। दुनिया के कई मुल्कों में आतंक फैलाना उसकी विदेश नीति का हिस्सा है। उड़ी घटना के पहले हुई आतंकी वारदातों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हम पहले भी पाकिस्तान को अलग-अलग मंच पर यह बात कहते रहे हैं कि उसे अपनी धरती आतंक के लिए इस्तेमाल नहीं होने देनी चाहिए।