पाकिस्तान की जेल से रिहा किए गए 218 भारतीय मछुआरे शनिवार को भारत पहुंच गए। वाघा बार्डर पहुंचे इन मछुआरों को गुजरात के मत्स्य विभाग की छह सदस्यीय टीम को सौंप दिया गया है। पाकिस्तान ने इन मछुआरों को सद्भावना के कदम के तहत रिहा किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केआर पाटनी के नेतृत्व में गुजरात मत्स्य विभाग की टीम मछुआरों को गुजरात लाने के लिए 5 जनवरी को ही अमृतसर पहुंच गई थी। पाटनी ने फोन पर बताया कि 218 मछुआरों को शनिवार की सुबह वाघा बॉर्डर पर उन्हें सौंप दिया गया। इनमें से अधिकांश मछुआरे गुजरात के विभिन्न जिलों जामनगर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, वेरवाल और नवसारी के रहने वाले हैं। कुछ मछुआरे दमन व दीव के रहने वाले हैं, जबकि कुछ अन्य दूसरे राज्यों के हैं।