भारतीय सेना ने 29 सितंबर, 2016 को पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। दो दिन बाद देश में इस दिन की दूसरी सालगिरह मनाए जाने की तैयारियां जोर-शोर से हो रही हैं। सरकार ने चार महीने के भीतर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक का दूसरा वीडियो जारी किया है।
सर्जिकल स्ट्राइक के दो साल पूरा होने के दो दिन पहले जारी इस वीडियो में भारतीय सेना के पारा कमांडो को आतंकवादियों के लांचिंग पैड को विस्फोटक से उड़ाते और उसे तबाह करते दिखाया गया है। बुधवार को जारी वीडियो यूएवी, थर्मल सेटलाईट इमेज और कमांडों के हेलमेट पर लगे कैमरे से लिया गया है। खास बात यह है कि इसमें भारत का सिर्फ एक कमांडो घायल हुआ जब लौटते वक्त उसका पांव लैंडमाईन पर पड़ गया था। अब वह कमांडों बिल्कुल ठीक है।
28-29 सितंबर 2016 को भारतीय कमांडों ने पीओके में घुसकर पाकिस्तान सेना की सरपरस्ती में चल रहे आतंकवादियों के सात ठिकानों को तबाह कर दिया था। अगले दिन सेना के इतिहास में पहली बार ऐसी कार्रवाई की खुले तौर पर जिम्मेदारी ली गई थी।
इससे पहले भारतीय सेना ने 27 जून, 2018 को सर्जिकल स्ट्राइक के कुछ वीडियो जारी किए थे। इस हफ्ते की शुरुआत में सेनाध्यक्ष बिपिन रावत ने कहा था कि लाइन ऑफ कंट्रोल के लांचपैड पर दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक की जरूरत है। उन्होंने कहा था, 'मेरा मानना है कि एक और कार्रवाई की जरूरत है। लेकिन हम इस बात का खुलासा नहीं करना चाहते कि हम इसे किस तरह अंजाम देंगे।' उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक हमेशा सरप्राइज होती है और इसे वैसा ही रहने देना चाहिए। गौरतलब है कि सरकार ने इस साल सर्जिकल स्ट्राइक की तारीख को खास दिवस के तौर पर मानाने का एलान किया है।
पाकिस्तान लगातार पाक अधिकृत कश्मीर में हुई सर्जिकल स्ट्राइक से इंकार करता रहा है। हालांकि वीडियो से भारत के दावे साबित हो जाते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान बहुत से लांचपैड को तबाह कर दिया गया था और दर्जनों आतंकियों को मार गिराया गया था जो भारत के अंदर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। इस स्ट्राइक को सेना ने उड़ी हमलों के बाद अंजाम दिया था। पाकिस्तान बेस्ड आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने उड़ी में 19 जवानों को मार दिया था। जिसका बदला सर्जिकल स्ट्राइक से लिया गया था।