जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर हवाईअड्डे पर सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल ने अतिरिक्त सामान को लेकर स्पाइसजेट के चार कर्मियों को बेरहमी से पीटने के मामले का सेना ने संज्ञान लिया है। श्रीनगर में सेना के जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) ने कहा है कि सेना इन आरोपों को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि सेना अनुशासन और आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आरोपों को गंभीरता से लेती है। मामले की जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
मामले में सार्वजनिक जांच की मांग के बाद सेना की ओर से यह प्रतिक्रिया आई है। सेना ने कहा कि 26 जुलाई 2025 को श्रीनगर हवाई अड्डे पर एक सैन्यकर्मी और एयरलाइन स्टाफ के बीच कथित विवाद का मामला भारतीय सेना के संज्ञान में आया है। भारतीय सेना अनुशासन और आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आरोपों को गंभीरता से लेती है।
वहीं, सेना मुख्यालय की ओर से भी मामले पर एक बयान जारी हुआ है। इसमें कहा गया है कि वह देश भर के सभी नागरिक स्थानों में अनुशासन और आपसी सम्मान बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि यह घटना बीती 26 जुलाई की है। इस घटना का खुलासा रविवार को हुआ। इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लेफ्टिनेंट कर्नल रितेश कुमार सिंह एयरपोर्ट पर लगे लोहे के स्टैंड का उपयोग करते हुए कर्मचारियों पर बार-बार हमला कर रहा है। वहीं, अन्य कर्मचारी हस्तक्षेप करने का प्रयास कर रहे हैं।
एक की रीढ़ की हड्डी टूटी, दूसरे का टूटा जबड़ा
हमले को लेकर एयरलाइन ने अपने बयान में बताया कि सैन्य अधिकारी के हमले में एक की रीढ़ की हड्डी, जबकि एक का जबड़ा टूट गया। वहीं, एक की नाक से खून बहने लगा। आरोपी एक कर्मचारी को बेहोश होने के बाद भी लातों से पीटता रहा। पुलिस ने लेफ्टिनेंट कर्नल रितेश कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सेना भी कार्रवाई करने की तैयारी में है। स्पाइसजेट ने अफसर को नो फ्लाइंग लिस्ट में डाल दिया है। उचित कार्रवाई के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा है।
हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल में तैनात है आरोपी रितेश
रितेश गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल में तैनात है। एयरलाइंस ने कहा कि आरोपी दिल्ली जाने वाली उड़ान संख्या एसजी-386 में सवार होने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। बोर्डिंग गेट पर जब अतिरिक्त सामान के लिए भुगतान करने के लिए कहा गया तो उसने इन्कार कर दिया और प्रक्रिया पूरी किए बिना जबरदस्ती एयरोब्रिज में प्रवेश कर गया। सीआईएसएफ के अधिकारी ने उसे वापस गेट तक पहुंचाया। बौखलाया रितेश एयरलाइंस के ग्राउंड स्टाफ से मारपीट करने लगा। वायरल वीडियो में आरोपी कर्मचारियों पर लात-घूंसे बरसाते और एक स्टैंड से हमला करते दिख रहा है।
सैन्य अफसर ने भी दर्ज कराया केस
वहीं, लेफ्टिनेंट कर्नल रितेश ने भी एयरलाइंस के कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
निर्धारित सीमा से दोगुना था सामान
स्पाइसजेट के मुताबिक, लेफ्टिनेंट कर्नल रितेश दो बैग ले जा रहा था, जिनका कुल वजन 16 किलो था। यह 7 किलो की निर्धारित सीमा से दोगुना था। स्टाफ ने उससे अतिरिक्त वजन के लिए भुगतान करने को कहा और वह भड़क गया। एयरलाइंस ने बताया, बेहोश कर्मचारी की मदद के लिए जब एक अन्य कर्मी झुका तो रितेश ने उसके मुंह पर लात मार दी, जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।