साल 2019 के फरवरी माह में हुआ पुलवामा हमला और पाकिस्तान पर हुई भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक के बाद लोकसभा चुनाव का सीन पूरी तरह बदल गया था। विपक्ष का आरोप था कि भाजपा ने एयर स्ट्राइक को चुनाव में खूब भुनाया। हालाँकि इस बाबत भाजपा की तरफ से विपक्ष पर भी निशाना साधा गया। अब एक बार फिर, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले 'राष्ट्रवाद' का मुद्दा जोर पकड़ता हुआ दिखाई पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर काफी सतर्क रहती है। कई बार इस मुद्दे की काट भी तलाशी गई है। बॉर्डर पर चीन की घुसपैठ को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कई बार केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है। अब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले सेना को देशभर में आठ सौ से अधिक ऐसे सेल्फी प्वाइंट्स लगाने को कहा गया है, जहां पर सरकारी योजनाओं का प्रचार होगा। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे पर कहा, 'राष्ट्र की सुरक्षा करने वाले हमारे भारतीय सेना के वीर जवानों की लोकप्रियता को भुनाकर, मोदी जी स्वयं का प्रचार करवा रहें हैं।'
मंगलवार को अपने ट्वीट में मल्लिकार्जुन खरगे ने कई तस्वीरें भी टैग की हैं। इसमें लिखा है, 'मिली कष्टों से मुक्ति, हर घर जल की शक्ति', ये है नया भारत। दूसरी सेल्फी साइट पर लिखा है, 'स्किल विल', दिस इज न्यू इंडिया। तीसरी सेल्फी साइट पर, 'धुएं से मुक्ति-उज्जवला की शक्ति' और चौथी साइट पर लिखा है 'फोर्स फॉर ग्लोबल गुड'। इन सभी योजनाओं की सेल्फी साइट पर पीएम मोदी का फोटो लगा है। मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा है, चुनाव में सेना का राजनीतिक इस्तेमाल करके मोदी सरकार ने वो किया है, जो 75 सालों में कभी नहीं हुआ है। मोदी सरकार ने, सेना को देशभर में 822 ऐसे सेल्फी प्वाइंट लगाने को कहा है, जो सरकारी योजनाओं का प्रचार करें। इन झांकियों में सैनिकों के पराक्रम की गाथा के बजाय प्रधानमंत्री मोदी जी की बुतनुमा तस्वीर है और उनकी योजनाओं का गुणगान है। भारतीय सेना के शौर्य एवं बलिदान पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को बेहद गर्व है। मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा, 'राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा ने भारतीय सेना की गरिमा को चोट पहुंचाई है।'
इससे पहले कांग्रेस पार्टी के महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सोमवार को कहा था, हमारी बहादुर सेना, कभी भी देश की आंतरिक राजनीति का हिस्सा नहीं बनी। महंगाई, बेरोजगारी और दूसरे कई मोर्चों पर विफलता का सामना करने के बाद मोदी सरकार अब सेना से अपना राजनीतिक प्रचार पाने का बहुत घटिया प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार, अपनी कई अहम योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सैन्य संगठनों की मदद लेने जा रही है। नारी सशक्तिकरण और उज्जवला जैसी कई योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए विभिन्न शहरों में सेल्फी प्वाइंट बनाने की बात कही जा रही है। करीब आठ सौ से अधिक सेल्फी प्वाइंट में से भारतीय सेना के हिस्से सौ प्वाइंट आए हैं। एयरफोर्स के हिस्से 75, नेवी के लिए 75, बीआरओ के हिस्से में 50, डीआरडीओ के लिए 50 और सैनिक स्कूलों के लिए 50 स्थान तय किए गए हैं। अन्य रक्षा संगठनों में भी ऐसी ही चार सौ से अधिक जगह सुनिश्चित की गई हैं। सेल्फी प्वाइंट पर पीएम मोदी की फोटो के साथ उस योजना की जानकारी रहेगी। लोगों को यह विकल्प भी दिया गया है कि वे अपनी सेल्फी, सोशल मीडिया पर अपलोड कर सकते हैं।
कांग्रेस पार्टी ने इस मुहिम को अपने राजनीतिक प्रचार के लिए 'घटिया प्रयास' बताया है। सरकार अपने प्रचार के लिए सेना का इस्तेमाल कर रही है। पार्टी नेता जयराम रमेश ने इस मामले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।