देश में आज थल सेना दिवस मनाया जा रहा है। इस बार पहली दफा दिल्ली के बाहर बेंगलुरु में परेड कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस मौके पर जनरल मनोज पांडे बेंगलुरु के गोविंदस्वामी परेड ग्राउंड में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने अपना संबोधन भी दिया। सेना प्रमुख ने कहा कि पहली बार आर्मी डे परेड और इससे जुड़े अन्य कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाहर आयोजित किए जा रहे हैं। इसने सेना को लोगों से जुड़ने का एक सुनहरा अवसर दिया है। मुझे विश्वास है कि इससे हमारे संबंध और भी मजबूत होंगे।
सेना ने आपदाओं के समय रक्षक के रूप में काम किया: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को सेना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सैनिकों ने आपदाओं के समय रक्षक के रूप में काम करने के अलावा हमेशा शौर्य की सीमाओं को आगे बढ़ाया है। मैं इस अवसर पर भारतीय सेना के सभी बहादुर जवानों तथा उनके परिवारों को सलाम करती हूं।
हर भारतीय को हमारी सेना पर गर्व: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेना दिवस के मौके पर भारतीय सेना की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सैनिकों ने हमेशा देश को सुरक्षित रखा है। संकट के समय सेवा के लिए व्यापक रूप से उनकी प्रशंसा की जाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि सेना दिवस पर मैं सभी सैन्यकर्मियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देता हूं। प्रत्येक भारतीय को हमारी सेना पर गर्व है। उन्होंने हमेशा हमारे देश को सुरक्षित रखा है।