पीएम मोदी और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना(फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
भारत 10 ब्रॉड गेज डीजल रेल इंजन सोमवार को बांग्लादेश को सौंपेगा। रेलवे ने शनिवार को बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाले कार्यक्रम में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों, रेल मंत्रियों, उच्चायुक्त, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और सीमा के दोनों ओर स्थानीय स्टेशनों के अन्य अधिकारी शामिल होंगे। पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के गेडे स्टेशन और बांग्लादेश की तरफ दर्शना स्टेशन पर इन डीजल इंजन का आदान प्रदान होगा।
रेलवे के मुताबिक, बांग्लादेश ने पिछले साल इन इंजनों को खरीदने का प्रस्ताव भेजा था। 3300 हॉर्स पावर वाले डब्ल्यूडीएम 3डी लोको इंजनों की उम्र 28 साल से ज्यादा है। इन्हें 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति के हिसाब से डिजाइन किया गया है। ये माल ढुलाई के साथ साथ यात्री रेल गाड़ियों के लिए उपयुक्त हैं। इनमें माइक्रो प्रोसेसर आधारित नियंत्रण प्रणाली लगी है।
बता दें कि कल भारत ने उत्तर कोरिया को भी 7.5 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। बढ़ते तपेदिक के प्रकोप को कम करने के लिए यह सहायता दी जा रही है।