बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला प्रतिनिधित्व करेंगे। यह जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से साझा की गई है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि पीएम मोदी बीएनपी अध्यक्ष के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए पड़ोसी देश का दौरा कर सकते हैं। लेकिन भारत में एआई इम्पैक्ट समिट के आयोजन और कई देशों के गणमान्य अतिथियों के आगमन समेत अन्य प्रस्तावित कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण पीएम मोदी बांग्लादेश नहीं जा सकते हैं। पीएम मोदी का 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम पहले से तय है।
बांग्लादेश ने इन देशों को किया है आमंत्रित
राजनयिक सूत्रों के अनुसार, आमंत्रित देशों की सूची में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन संसद के साउथ प्लाजा में होगा।
बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री का शपथ ग्रहण
पड़ोसी देश में हाल ही में आयोजित हुए 13वें राष्ट्रीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इसके बाद 17 फरवरी यानी मंगलवार को तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण। जानकारी के अनुसार, तारिक रहमान के कैबिनेट में 32 से 42 सदस्य हो सकते हैं, जिसमें अनुभवी और युवा नेताओं को जगह मिलने की उम्मीद है।
बांग्लादेश का 13वां राष्ट्रीय चुनाव
बीएनपी ने 300 में से 212 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा अन्य दलों को प्रदर्शन नाकाफी रहा, इसमें इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश पार्टी ने एक सीट और सात सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। जबकि पूर्व सत्ताधारी दल अवामी लीग (शेख हसीना की पार्टी) को इस चुनाव में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी गई।