देश में मॉनसून की चाल अच्छी है और अगले हफ्ते मध्य व दक्षिण भारत में अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में कुछ चक्रवाती हलचल हो रही है जिससे मॉनसून को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। आईएमडी महानिदेशक मृत्युंजय मोहापात्रा ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती प्रसार वाला कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। और यह अगले हफ्ते ओडिशा की ओर बढ़ेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्र में भी बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ भू मध्य सागर से उठने वाला चक्रवाती प्रसार है जो मध्य एशिया को पार करता हुआ हिमालय से टकराता है और पहाड़ों व उत्तरी भारत के मैदानों में बारिश होती है। मौसम विभाग के मुताबिक इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले हफ्ते बारिश के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को गरज के साथ धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 40 किमी. तक हो सकती है। वहीं देश में मानसून की चाल अच्छी है।
मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून को मॉनसून के दस्तक देने के बाद से देशभर में सामान्य से 9 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है।