नए सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पदभार ग्रहण करते ही पाकिस्तान का नाम लिए बिना उसे सख्त चेतावनी दी है। जनरल रावत ने कहा कि हम अमन चाहते हैं, मगर जरूरत पड़ने पर सीमा पर ताकत का इस्तेमाल करने से परहेज नहीं बरतेंगे। नए सेना प्रमुख ने यह भी कहा कि हमारी कोशिश शांति बनाने की होगी, मगर इसे कोई हमारी कमजोरी समझने की भूल न करे।
इस दौरान वरिष्ठता की अनदेखी कर सेना प्रमुख बनाए जाने संबंधी सवाल के जवाब में सेना प्रमुख ने इसे सरकार का फैसला बताया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अपने अपने पदों पर बने रहने की घोषणा की तारीफ भी की। गौरतलब है कि जनरल रावत ने रविवार को 27वें सेना प्रमुख के तौर पर पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्हें परंपरा के मुताबिक साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
पदभार संभालने के तत्काल बाद मीडिया से मुखातिब जनरल रावत ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना उसे सीधी चेतावनी दे डाली। साफ तौर पर कहा कि हमारी कोशिश शांति बहाली की होगी। मगर जरूरी हुआ तो हम सीमा पर ताकत के इस्तेमाल करने में रत्ती भर भी संकोच नहीं करेंगे।