भारत और वेनेजुएला ने अपने द्विपक्षीय रिश्तों को एक नई ऊंचाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वेनेजुएला की कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस व्यापक चर्चा में दोनों देशों ने आपसी सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों के साझा हितों को वैश्विक मंच पर मजबूती से आगे बढ़ाने की बात भी की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की विस्तृत जानकारी साझा की है। आइए, बेहद आसान भाषा में पांच सवालों और जवाबों के जरिए समझते हैं पूरी बात...
सवाल 1: प्रधानमंत्री मोदी और वेनेजुएला की कार्यकारी राष्ट्रपति के बीच कहां और क्यों मुलाकात हुई?
जवाब: यह मुलाकात देश की राजधानी नई दिल्ली में हुई है। वेनेजुएला की कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज भारत के पांच दिवसीय तीन जून से सात जून कामकाजी दौरे पर आई हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और वेनेजुएला के बीच बरसों पुराने दोस्ती के रिश्तों को और ज्यादा मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देना है।
सवाल 2: दोनों देशों के नेताओं के बीच किन मुख्य मुद्दों पर बातचीत हुई है?
जवाब: दोनों नेताओं के बीच व्यापार और सहयोग बढ़ाने को लेकर बहुत व्यापक चर्चा हुई। बातचीत के मुख्य क्षेत्रों में ऊर्जा, तेल और गैस, आपसी व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा (दवाइयां) और ऑटोमोबाइल (वाहन उद्योग) शामिल रहे। इसके अलावा दोनों नेताओं ने दुनिया और अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जरूरी मुद्दों पर भी अपनी राय साझा की।
यह भी पढ़ें: डेल्सी रोड्रिगेज का भारत दौरा: 'भारत-वेनेजुएला के बीच ऊर्जा सहयोग की मजबूत संभावनाएं', MEA ने क्या-क्या कहा?
सवाल 3: इस बैठक में बार-बार आ रहे 'ग्लोबल साउथ' शब्द का क्या मतलब है?
जवाब: 'ग्लोबल साउथ' मुख्य रूप से दुनिया के विकासशील और कम विकसित देशों को कहा जाता है, जो एशिया, अफ्रीका और लातिन अमेरिका में स्थित हैं। इस बैठक में पीएम मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज ने यह साफ किया कि भारत और वेनेजुएला मिलकर इन सभी विकासशील देशों के अधिकारों, आर्थिक तरक्की और हितों की आवाज को दुनिया के बड़े मंचों पर मजबूती से उठाएंगे।
सवाल 4: वेनेजुएला की राष्ट्रपति के साथ कौन-कौन से बड़े अधिकारी भारत आए हैं?
जवाब: वेनेजुएला इस दौरे को लेकर बेहद गंभीर है। इसीलिए कार्यकारी राष्ट्रपति रोड्रिगेज अकेले नहीं आई हैं, बल्कि उनके साथ एक बहुत बड़ा और उच्च स्तरीय दल भारत आया है। इस दल में वेनेजुएला के विदेश मंत्री, अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्री, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री, संचार और सूचना मंत्री के साथ-साथ परिवहन मंत्री भी शामिल हैं।
सवाल 5: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस मुलाकात को लेकर क्या कहा?
जवाब: प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। जयशंकर ने कहा कि वेनेजुएला की नेता भारत के साथ रिश्ते सुधारने के लिए लंबे समय से बहुत अच्छा काम कर रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस यात्रा और पीएम मोदी के साथ हुई बैठक से दोनों देशों की आपसी साझेदारी को एक नई गति मिलेगी।