रूसी हमले के परिणामों पर भारत से चर्चा करेंगे अमेरिकी दूत दलीप
अमेरिका के उच्च सलाहकार भारतीय मूल के दलीप सिंह इन दिनों भारत यात्रा पर हैं। दलीप को रूस के खिलाफ अमेरिका के दंडात्मक उपायों का शिल्पकार माना जाता है। व्हाइट हाउस ने बताया कि दलीप नई दिल्ली में रूस के यूक्रेन पर अन्यायपूर्ण हमले के वैश्विक अर्थव्यवस्था पर प्रभावों पर गहन चर्चा करेंगे। अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र पर राष्ट्रीय सुरक्षा उपसलाहकार दलीप सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में अधिकारियों के साथ बैठकें की।
उनका कई अन्य बैठकों में भी भारतीय समकक्षों से इस विषय पर विमर्श का कार्यक्रम है। व्हाइट हाउस के डायरेक्टर ऑफ कम्युनिकेशंस केट बेडिंगफील्ड ने दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दलीप भारत सरकार के साथ समावेशी आर्थिक विकास, समृद्धि और मुक्त एशिया-प्रशांत पर भी विचार करेंगे। इस समय ब्रिटिश विदेश सचिव एलिजाबेथ ट्रूस और जर्मन विदेश एवं सुरक्षा नीति सलाहकार जेंस प्लॉटनर भी भारत दौरे पर हैं।
पहले भारतीय अमेरिकी सांसद के हैं पड़पोते
दलीप सिंह (46) अमेरिकी संसद में चुने गए पहले भारतीय-अमेरिकी दलीप सिंह सोंद के पड़पोते हैं। उन्होंने मैसाचुएट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी और हार्वर्ड कैनेडी स्कूल से व्यवसाय प्रशासन में स्नातकोत्तर और अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र में सार्वजनिक प्रशासन विषय में भी स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। ओबामा प्रशासन के दौरान वे अंतरराष्ट्रीय वित्त प्रबंधन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे।